- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Ballia: ट्रेलर की चपेट...

बलिया: फेफना थाना क्षेत्र के सागरपाली-बैरिया-थम्हनपुरा मार्ग पर मंगलवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में पिता की जान चली गई, जबकि उसका बेटा किसी तरह कूदकर जान बचाने में सफल रहा। हादसा बघेजी त्रिमुहानी के पास हुआ, जहां ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे निर्माण कार्य में लगे सरिया लदे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को टक्कर मार दी।
घटना में थम्हनपुरा निवासी मनोज वर्मा (50) पुत्र विजय वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। वह अपने बेटे के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। अचानक ट्रेलर की चपेट में आ गए। बेटे ने तुरंत कूदकर जान बचाई, लेकिन अपने पिता को मृत देखकर वह फूट-फूट कर रोने लगा। यह दृश्य देखकर मौजूद लोग भी भावुक हो उठे।
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर एनएच-31 को जाम कर दिया और मुआवजे की मांग करने लगे। सूचना मिलने पर एएसपी कृपाशंकर सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम को समाप्त कराया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।





