उत्तर प्रदेश

Ballia: खाद और बीज को लेकर न घबराएं किसान, प्रशासन ने बताई स्थिति सामान्य

Admindelhi1
11 Jun 2025 1:48 PM IST
Ballia: खाद और बीज को लेकर न घबराएं किसान, प्रशासन ने बताई स्थिति सामान्य
x

बलिया: जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने मंगलवार को कृषि विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर जनपद में खाद एवं बीज की उपलब्धता की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को समय पर खाद और बीज की आपूर्ति हर हाल में सुनिश्चित की जाए, ताकि खेती के मौसमी कार्यों में कोई रुकावट न आए।

बैठक में ए.आर. को-ऑपरेटिव बृजेश पाठक ने जानकारी दी कि जिले में तीन प्रमुख खाद भंडारण गोदाम हैं। भगवानपुर गोदाम में 1901.925 मीट्रिक टन यूरिया और 783.150 मीट्रिक टन डीएपी मौजूद है। वहीं सरदासपुर गोदाम में 1124.505 मीट्रिक टन यूरिया और 318.750 मीट्रिक टन एनपीके उपलब्ध है।

जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि निजी गोदामों और दुकानों पर भी 22,259 मीट्रिक टन यूरिया, 3,321 मीट्रिक टन डीएपी और 5,043 मीट्रिक टन एनपीके उपलब्ध है। ऐसे में किसानों को घबराने की जरूरत नहीं है, वे अपने नजदीकी बी-पैक्स केंद्र से खाद प्राप्त कर सकते हैं।

उप कृषि निदेशक मनीष सिंह ने बताया कि राजकीय कृषि बीज भंडारों में भी पर्याप्त मात्रा में बीज उपलब्ध है। किसान अपने क्षेत्र के निकटवर्ती बीज केंद्र से उच्च गुणवत्ता वाले बीज प्राप्त कर सकते हैं।

किसानों को किसी भी प्रकार की कठिनाई होने पर ए.आर. को-ऑपरेटिव (मोबाइल: 9456421175), जिला कृषि अधिकारी (मोबाइल: 9336308861) अथवा उप कृषि निदेशक (मोबाइल: 9565663281) से संपर्क करने की अपील की गई है।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि खाद और बीज की आपूर्ति में पारदर्शिता बनी रहे और जरूरत के अनुसार स्टॉक की नियमित मॉनिटरिंग की जाए, ताकि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

Next Story