- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Ballia: DM ने दो...

बलिया: जनपद में अपराध और अराजकता पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर अपराधियों को जिले की सीमा से बाहर कर दिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देश पर की गई।
थानाध्यक्ष मनियर रत्नेश कुमार दुबे की रिपोर्ट के आधार पर जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार ने उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम-1970 की धारा 2(ख)(1) व (4) के तहत चंदन यादव उर्फ समोसा पुत्र राधेश्याम यादव, निवासी पुरूपोत्तमपट्टी, थाना मनियर को 6 माह के लिए और अनिल यादव पुत्र कृष्णा यादव, निवासी बड़ागांव खुटहा, थाना मनियर को 3 माह के लिए जनपद बलिया की सीमा से निष्कासित (जिला बदर) करने का आदेश दिया है।
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि दोनों अभियुक्तों को बलिया की सीमा से बाहर जाने के बाद यह सूचना देनी होगी कि वे कहां निवास कर रहे हैं। साथ ही उन्हें यह भी निर्देशित किया गया है कि वे किसी प्रकार का हथियार या आपत्तिजनक वस्तु अपने पास न रखें।
प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मच गया है और क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के प्रति प्रशासन की गंभीरता एक बार फिर स्पष्ट हो गई है।





