उत्तर प्रदेश

Ballia: जिला क्रीड़ा समिति विवादों में

Admindelhi1
24 Sept 2025 3:28 PM IST
Ballia: जिला क्रीड़ा समिति विवादों में
x
जेडी आजमगढ़ ने दिया पुनर्गठन का आदेश

बलिया: जिला विद्यालयी क्रीड़ा समिति के गठन पर उठे सवालों के बीच संयुक्त शिक्षा निदेशक (जेडी) आजमगढ़ ने समिति के पुनर्गठन का आदेश जारी किया है। जेडी ने जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) बलिया को निर्देश दिया है कि 25 सितंबर तक समिति की वैधानिक बैठक आयोजित कर नई समिति का गठन करें। बैठक की तिथि और स्थान की जानकारी भी अनिवार्य रूप से भेजने को कहा गया है।

निर्देश में साफ किया गया है कि नई समिति का गठन शिक्षा निदेशक, उत्तर प्रदेश द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार ही किया जाए। साथ ही मंडलीय क्रीड़ा सचिव को बैठक में उपस्थित रहने के लिए भी कहा गया है। गठन की सूची शिक्षा निदेशक व प्राचार्य, राज्य विद्यालयी क्रीड़ा संस्थान को भेजने के निर्देश दिए गए हैं।

यह भी पढ़े - बलिया में TET की अनिवार्यता के खिलाफ शिक्षकों का प्रदर्शन, प्राशिसं ने कलेक्ट्रेट में दिखायी ताकत

गौरतलब है कि डीआईओएस बलिया पर समिति के गठन में शासन के निर्देशों की अनदेखी करने के आरोप लग चुके हैं। जेडी आजमगढ़ ने 3 सितंबर को भी पुनर्गठन का आदेश दिया था, लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे पहले 20 अगस्त को जेडी ने समिति गठन की पत्रावली मांगी थी, जो प्रस्तुत नहीं की गई।

सूत्रों के अनुसार, यदि समिति के गठन में नियमों का पालन किया गया होता तो पत्रावली प्रस्तुत करने में कोई समस्या नहीं होती। लगातार मिल रहे निर्देशों के बावजूद डीआईओएस की चुप्पी अब सवालों के घेरे में है। चर्चाओं का विषय यह भी है कि आखिरकार अवैधानिक रूप से गठित क्रीड़ा समिति को बचाने के पीछे क्या मंशा है।

Next Story