उत्तर प्रदेश

Ballia: जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने लॉन्च किया 'निराकरण पोर्टल'

Admindelhi1
4 Jun 2025 1:30 PM IST
Ballia: जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने लॉन्च किया निराकरण पोर्टल
x
अब शिकायत दर्ज होते ही मिलेगी पर्ची

बलिया: आम जनता की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने ‘निराकरण पोर्टल’ की शुरुआत की है। इस पोर्टल के माध्यम से अब नागरिक अपनी शिकायतें आसानी से दर्ज करा सकेंगे और उन्हें तुरंत एक शिकायत पर्ची भी प्राप्त होगी, जिसमें शिकायत संख्या व अन्य विवरण शामिल होंगे।

सोमवार को हुई बैठक में डीएम ने सभी एसडीएम, ईओ, कानूनगो और लेखपालों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं का समाधान समयबद्ध और प्रभावी तरीके से करें। उन्होंने कहा कि बलिया का कार्यभार संभालने के बाद से ही उनकी प्राथमिकता लोगों की शिकायतों का जल्द और संतोषजनक निस्तारण रही है।

नई व्यवस्था के तहत अब शिकायतें केवल तहसील दिवस तक सीमित नहीं रहेंगी। नागरिक जिलाधिकारी कार्यालय, सीडीओ कार्यालय, तहसीलों, ब्लॉकों, नगर पालिका और नगर पंचायत कार्यालयों में भी प्रतिदिन शिकायत दर्ज करा सकेंगे। शिकायत दर्ज होते ही एक ऑटोमेटिक शिकायत नंबर जनरेट होगा और शिकायतकर्ता को उसकी एक प्राप्ति रसीद (पर्ची) मिल जाएगी।

इस डिजिटल पहल से शिकायत प्रक्रिया न सिर्फ आसान होगी बल्कि प्रशासन को उनकी निगरानी और समाधान में भी पारदर्शिता और गति मिलेगी। यह कदम बलिया प्रशासन को जनता के और करीब लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है।

Next Story