उत्तर प्रदेश

Ballia: जिलाधिकारी ने ग्राम समूह पाइप पेयजल परियोजना का किया निरीक्षण

Admindelhi1
3 Jun 2025 11:00 AM IST
Ballia: जिलाधिकारी ने ग्राम समूह पाइप पेयजल परियोजना का किया निरीक्षण
x
अधिग्रहण व अनुमति की अड़चनों पर दिए सख्त निर्देश

बलिया: जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने जल जीवन मिशन के तहत हनुमानगंज ग्राम समूह पाइप पेयजल परियोजना की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने हैबतपुर एवं कटरिया गांवों में निर्माण कार्यों का गहन अवलोकन किया और धीमी प्रगति व भूमि अधिग्रहण में आ रही अड़चनों पर संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।

हैबतपुर में गंगा नदी के किनारे बनाए जा रहे 186 एमएलडी के इन्टेक वेल की स्थिति की समीक्षा करते हुए परियोजना कार्यदायी संस्था एल एंड टी के प्रोजेक्ट मैनेजर ने बताया कि अब तक 63% कार्य पूरा हो चुका है, शेष कार्य प्रगति पर है। इन्टेक वेल से वाटर ट्रीटमेंट प्लांट (डब्ल्यूटीपी) तक पाइप लाइन बिछाने हेतु आवश्यक 875 वर्ग मीटर भूमि अब भी निजी स्वामित्व की है, जिसका अधिग्रहण लंबित है। इस पर जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) राजित राम गुप्ता को निर्देशित किया कि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाए।

इसके साथ ही उन्होंने एल एंड टी को कार्य की गति बढ़ाते हुए तय समयसीमा में परियोजना को पूर्ण करने के निर्देश दिए।

कटरिया स्थित डब्ल्यूटीपी के निरीक्षण के दौरान बताया गया कि अब तक केवल 37% कार्य संपन्न हुआ है। यहां 7543 वर्ग मीटर भूमि पर सीडब्ल्यूआर (क्लियर वॉटर रिज़र्वायर) निर्माण प्रस्तावित है, लेकिन अधिग्रहण अब तक नहीं हो पाया है। इसके अतिरिक्त लगभग 450 किलोमीटर पाइपलाइन का कार्य लोक निर्माण विभाग (PWD) की अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) न मिलने के कारण रुका हुआ है।

इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि PWD से समन्वय स्थापित कर शीघ्र आवश्यक NOC प्राप्त की जाए, और WTP हेतु भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया भी तत्काल आगे बढ़ाई जाए।

उल्लेखनीय है कि इस परियोजना के पूर्ण होने पर बलिया जनपद के हनुमानगंज, गड़वार, सोहांव, बेरूआरवारी, दुबहड़, रसड़ा एवं चिलकहर विकासखंडों के सभी ग्राम पंचायतों को ‘हर घर नल से जल’ योजना के तहत शुद्ध पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

Next Story