उत्तर प्रदेश

Ballia: सुभासपा नेता और एसडीएम पेशकार के बीच हुआ विवाद

Admindelhi1
6 March 2025 5:39 PM IST
Ballia: सुभासपा नेता और एसडीएम पेशकार के बीच हुआ विवाद
x
"पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज"

बलिया: सुभासपा नेता उमापति राजभर और एसडीएम के पेशकार दीपक कुमार के बीच हुए विवाद में पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया है। पेशकार की शिकायत पर उमापति राजभर पर सरकारी कार्य में बाधा डालने, लोकसेवक से मारपीट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ, जबकि उमापति राजभर की शिकायत पर पेशकार और दरोगा पर मारपीट का मामला दर्ज किया गया।

क्या है पेशकार दीपक कुमार का आरोप?

दीपक कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह कलेक्ट्रेट जाने के लिए तहसील परिसर में अपनी कार निकाल रहे थे, लेकिन रास्ता भीड़भाड़ और खड़े वाहनों से बाधित था। जब उन्होंने हॉर्न बजाकर रास्ता खाली कराने की कोशिश की, तभी सुभासपा नेता उमापति राजभर आए और गाली-गलौज करने लगे।

आरोप है कि उमापति राजभर ने उनकी कार का दरवाजा खुलवाकर उन पर हमला किया और चेहरे पर नाखूनों से कई जगह निशान बना दिए।

कार्यालय के जरूरी दस्तावेज छीनकर फाड़ दिए। मारपीट और दुर्व्यवहार किया। इस मामले में पुलिस ने उमापति राजभर के खिलाफ धारा 115(2), 352, 132, 121(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है।

उमापति राजभर का क्या कहना है?

सुभासपा नेता उमापति राजभर ने आरोप लगाया कि दीपक कुमार लापरवाही से वाहन चला रहे थे, जिससे उनके साथ विवाद हुआ। इसके बाद दीपक कुमार और दरोगा ने उनके साथ मारपीट की, धमकी दी और गाली-गलौज किया।

इस शिकायत पर पुलिस ने दीपक कुमार के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने, मारपीट करने, धमकी देने और गाली-गलौज करने का मुकदमा दर्ज किया है।

अपर पुलिस अधीक्षक अनिल झा ने वीडियो जारी कर बताया कि क्षेत्राधिकारी बांसडीह प्रभात कुमार ने दोनों पक्षों की तहरीर की जांच के बाद मुकदमा दर्ज किया है। मामले में कानूनी कार्यवाही जारी है।

Next Story