उत्तर प्रदेश

Ballia: घायल युवकों के लिए फरिश्ता बनी डायल 112 की टीम

Admindelhi1
5 March 2025 11:41 AM IST
Ballia: घायल युवकों के लिए फरिश्ता बनी डायल 112 की टीम
x
कर्मचारी दिन-रात ईमानदारी और लगन से अपनी ड्यूटी निभा रहे

बलिया: पुलिस की इमरजेंसी रिस्पांस एंड सपोर्ट सिस्टम (डायल 112) सेवा में तैनात कर्मचारी दिन-रात ईमानदारी और लगन से अपनी ड्यूटी निभा रहे हैं। इसका उदाहरण मंगलवार देर शाम देखने को मिला, जब हल्दी थाना क्षेत्र की डायल 112 (वाहन संख्या 5437) पर तैनात पुलिसकर्मी देवेंद्र प्रताप, शैलेश कुमार और अंकित यादव ने गंभीर रूप से घायल दो युवकों को अस्पताल पहुंचाकर उनकी जान बचाई।

बाइक साइकिल से टकराई, दो युवक घायल

मंगलवार देर शाम बांसडीह रोड निवासी संतोष गुप्ता (39) पुत्र गजाधर गुप्ता और सोनभद्र निवासी रवि कुमार (35) बैरिया स्थित धर्मकांटा से काम खत्म कर बांसडीह रोड लौट रहे थे। जब वे मुड़ाडीह-सोनवानी मार्ग पर लाखपुर गांव के पास पहुंचे, तो उनकी बाइक एक साइकिल से टकरा गई, जिससे दोनों युवक सड़क किनारे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

डायल 112 पुलिसकर्मियों ने समय रहते पहुंचाई मदद

संयोग से, उसी समय डायल 112 (वाहन संख्या 5437) पीछे से आ रही थी। पुलिसकर्मियों ने गाड़ी रोककर देखा तो संतोष गुप्ता के मुंह से खून बह रहा था। हालात की गंभीरता को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने दोनों घायलों को तुरंत अपनी गाड़ी में बैठाया और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनवानी पहुंचाया।

एक घायल जिला अस्पताल रेफर, दूसरे को भेजा गया घर

अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने संतोष गुप्ता को जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जबकि रवि कुमार की हालत ठीक होने पर उसे घर भेज दिया गया।

पुलिसकर्मियों की सराहनीय पहल

डायल 112 के जवानों द्वारा दिखाए गए संवेदनशीलता और तत्परता की स्थानीय लोगों ने खूब प्रशंसा की और उनके कार्य की सराहना की।

Next Story