उत्तर प्रदेश

Ballia: 8वीं के छात्र पर चाकू से जानलेवा हमला

Admindelhi1
29 March 2025 1:05 PM IST
Ballia: 8वीं के छात्र पर चाकू से जानलेवा हमला
x
"आरोपी छात्र फरार"

बलिया: बांसडीह कोतवाली से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित जूनियर हाई स्कूल में शुक्रवार सुबह उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब एक छात्र पर चाकू से जानलेवा हमला हो गया। घटना के बाद घायल छात्र को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं, हमलावर छात्र फरार हो गया है।

प्रार्थना के बाद अचानक हमला: बताया जा रहा है कि स्कूल में इन दिनों परीक्षा चल रही है। शुक्रवार सुबह सभी छात्र-छात्राएं प्रार्थना सभा में जुटे थे। प्रार्थना खत्म होते ही छात्र जैसे ही अपनी-अपनी कक्षाओं में जाने लगे, तभी कस्बे के पश्चिम टोला निवासी और कक्षा 8 में पढ़ने वाले रवि वर्मा (15) पर उसी स्कूल के कक्षा 7 के छात्र ने अचानक चाकू से हमला कर दिया।

पेट में चाकू लगते ही गिर पड़ा छात्र: हमले के बाद रवि विद्यालय परिसर में ही गिर पड़ा और तड़पने लगा। छात्र के पेट से लगातार खून बहता देख वहां मौजूद छात्र-छात्राओं और शिक्षकों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में घायल छात्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

आरोपी छात्र फरार, पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी छात्र फरार हो चुका था। कोतवाल संजय सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और आरोपी छात्र के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।

परिजनों में आक्रोश और डर: इस घटना से छात्रों और अभिभावकों में दहशत का माहौल है। रवि की मां सविता देवी का कहना है कि उनके बेटे की किसी से कोई रंजिश नहीं थी, फिर भी उस पर चाकू से हमला किया गया। परिजनों ने स्कूल में बच्चों की सुरक्षा पर सवाल उठाए हैं।

Next Story