- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Ballia: गंगा किनारे...

बलिया: बैरिया थाना क्षेत्र के भवन टोला गांव के सामने बीएसटी बांध के पास गंगा नदी किनारे एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान आलेख टोला (चाचा टोला) निवासी अमित कुमार सिंह (32) के रूप में हुई है। जैसे ही यह खबर परिजनों को मिली, घर में कोहराम मच गया। परिवार के लोग फूट-फूट कर रोने लगे।
मृतक के बड़े भाई विकास कुमार सिंह ने बताया कि अमित 17 जुलाई को अचानक बिना किसी को कुछ बताए घर से निकल गया था। परिजनों ने उसे हर संभव जगह तलाशा, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार की सुबह ग्रामीणों ने गंगा किनारे शव देखा तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची बैरिया पुलिस ने शव की पहचान के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बैरिया थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि मृतक अमित मंदबुद्धि था और संभवतः भटकते हुए नदी किनारे पहुंच गया होगा। मामले की जांच की जा रही है। इस हृदयविदारक घटना से गांव में शोक की लहर फैल गई है।





