उत्तर प्रदेश

Ballia: दयाशंकर सिंह ने विकास कार्यों को दी रफ्तार, 40 करोड़ की योजनाओं की सौगात

Admindelhi1
10 April 2025 10:24 AM IST
Ballia: दयाशंकर सिंह ने विकास कार्यों को दी रफ्तार, 40 करोड़ की योजनाओं की सौगात
x
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजन कर उन्होंने परियोजनाओं की आधारशिला रखी

बलिया: उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने बुधवार को बलिया जिले के माल्देपुर गंगा घाट और चैनछपरा में लगभग 40 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बाढ़ सुरक्षा कार्यों का शिलान्यास किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजन कर उन्होंने परियोजनाओं की आधारशिला रखी।

मंत्री ने मौके पर मौजूद सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य तय मानकों के अनुरूप और समय से पहले पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि माल्देपुर, हैबतपुर, खोरीपाकड़ जैसे गांवों के साथ ही ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे की सुरक्षा के लिए यह कार्य अत्यंत जरूरी है। ऐसे में किसी भी तरह की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

दयाशंकर सिंह ने बताया कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से बड़ी आबादी को बाढ़ से राहत मिलेगी। साथ ही, क्षेत्र में जल परिवहन को बढ़ावा देने के लिए भी कई योजनाएं तैयार की गई हैं। जल्द ही यहां डॉल्फिन व्यू प्वाइंट की शुरुआत होगी। इसके अलावा, ऑटोमेटिक पीपा पुल और दो जेट्टी का निर्माण भी प्रस्तावित है।

मंत्री ने बताया कि गंगा किनारे जलपोतों के चालक व तकनीकी कर्मियों को प्रशिक्षित करने के लिए एक विशेष कॉलेज की स्थापना का प्रस्ताव भी तैयार किया गया है, जिसे जल्द ही स्वीकृति मिल सकती है। इसके अतिरिक्त, एक किलोमीटर क्षेत्र में और बाढ़ सुरक्षा कार्य किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि बलिया को बाढ़ की समस्या से स्थायी राहत दिलाने के लिए सरकार पूरी गंभीरता से कार्य कर रही है। आने वाले समय में मुख्यमंत्री के हाथों जिले में मेडिकल कॉलेज का भी शिलान्यास कराया जाएगा।

शिलान्यास कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा, पूर्व प्रमुख गुड्डू राय, आदर्श सिंह, कमालुद्दीन सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Next Story