उत्तर प्रदेश

Ballia: दवा कारोबारी पर हमला करने वाला बदमाश मुठभेड़ में घायल

Admindelhi1
28 May 2025 11:24 AM IST
Ballia: दवा कारोबारी पर हमला करने वाला बदमाश मुठभेड़ में घायल
x
एक फरार

बलिया: शहर कोतवाली क्षेत्र के माल्देपुर तिराहा के पास पुलिस और बदमाशों के बीच देर रात हुई मुठभेड़ में एक बदमाश पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया। घायल बदमाश का इलाज बलिया के सदर अस्पताल में चल रहा है।

अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) कृपा शंकर ने जानकारी देते हुए बताया कि रात लगभग दो बजे चेकिंग के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध बाइक सवार दिखाई दिया। जब पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, तो वह बाइक लेकर तेजी से ग्रीन फील्ड की ओर भाग गया। पुलिस द्वारा पीछा किए जाने पर बदमाशों ने ग्रीन फील्ड के पास पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई।

पकड़ा गया घायल बदमाश मुकेश कुमार सिंह उर्फ अंशु सिंह उर्फ रुद्रा सिंह पुत्र दिलीप सिंह, निवासी पियरौटा, थाना रेवती, जनपद बलिया है। पूछताछ में सामने आया कि उसने 21 मई 2025 को कासिम बाजार निवासी दवा कारोबारी अरुण गुप्ता पर जानलेवा हमला किया था। इस संबंध में कोतवाली बलिया में धारा 109(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है।

घटना के दौरान मुकेश का साथी रोहित वर्मा उर्फ सरल पुत्र ठाकुर प्रसाद वर्मा, निवासी देवरिया खुर्द, थाना फेफना, मौके से अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

पुलिस ने घायल बदमाश मुकेश सिंह के पास से एक देशी पिस्टल (.32 बोर), एक खोखा कारतूस, तीन जिंदा कारतूस, ₹10,500 नकद और एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।

Next Story