- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Ballia: पारिश्रमिक...

बलिया: कोटवा गांव में मेहनताना मांगना एक दंपती को भारी पड़ गया। गांव के ही दबंग युवक ने पारिश्रमिक मांगने पर न सिर्फ युवक को लाठी-डंडों से पीटा, बल्कि बीच-बचाव करने पहुंची उसकी पत्नी को भी बेरहमी से मारकर घायल कर दिया। घायल दंपती ने बैरिया थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोटवा रानीगंज निवासी सोनू कुमार पेशे से रसोइया हैं और शादी-ब्याह समेत अन्य मांगलिक कार्यक्रमों में खाना बनाने का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि हाल ही में गांव के ही रितेश कुमार के घर एक कार्यक्रम में उन्होंने खाना बनाया था, लेकिन भुगतान नहीं मिला। जब उनकी पत्नी ने फोन कर मेहनताना मांगा तो आरोपी ने उसे अश्लील गालियां दीं।
इसके बाद जब सोनू स्वयं पैसे की मांग करने रितेश के घर गया तो दबंग ने उस पर लाठी से हमला कर दिया, जिससे उसका सिर फट गया। शोर सुनकर जब पत्नी उसे बचाने पहुंची तो उसे भी बेरहमी से पीटा गया।
थाना प्रभारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 352 व 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।





