- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Ballia: सीएमओ के...
Ballia: सीएमओ के निरीक्षण में खुली बांसडीह सीएचसी की पोल, 11 कर्मी गैरहाज़िर

बलिया: मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. संजीव बर्मन के औचक निरीक्षण में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बांसडीह की लापरवाही उजागर हो गई। निरीक्षण के दौरान चिकित्सा अधीक्षक समेत राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) की आयुष टीम और अन्य कुल 11 कर्मचारी अनुपस्थित मिले। सीएमओ ने सभी अनुपस्थित कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने और स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है।
सीएमओ ने अस्पताल परिसर में करीब एक घंटे तक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ओपीडी, प्रसव कक्ष, ऑपरेशन थियेटर और टीकाकरण केंद्र की जांच की। निरीक्षण में साफ-सफाई और अस्पताल भवन निर्माण कार्य में कई खामियां पाई गईं।
उन्होंने प्रभारी चिकित्सक डॉ. वेंकटेश मौआर से फोन पर बात कर शीघ्र सुधार के निर्देश दिए। इसके साथ ही जनरेटर, बिजली आपूर्ति और पंखों की स्थिति की भी जानकारी ली।
निरीक्षण के समय जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) राजशेखर मिश्रा और रवि भूषण सिंह भी मौजूद रहे। सीएमओ ने बताया कि अस्पताल में दवाएं और जांच सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिन्हें और बेहतर बनाने के प्रयास किए जाएंगे।





