उत्तर प्रदेश

Ballia: सगे भाइयों पर धारदार हथियार से हमला, मामला दर्ज

Admindelhi1
6 Jun 2025 3:10 PM IST
Ballia: सगे भाइयों पर धारदार हथियार से हमला, मामला दर्ज
x
मोबाइल दुकान में लूटपाट

बलिया; उभांव थाना क्षेत्र के इमिलिया मार्ग पर बुधवार रात करीब 8:30 बजे एक मोबाइल दुकान में घुसे आधा दर्जन हमलावरों ने लूटपाट के बाद दुकानदार दो सगे भाइयों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

कुंडैल गांव निवासी दुकानदार मोहम्मद सुलेमान और उनके भाई मोहम्मद फहद पर यह हमला उस समय हुआ जब वे दुकान पर मौजूद थे। आरोप है कि फरसाटार निवासी मोहम्मद तकवीम के पुत्र अमन उर्फ अमान और अयान अपने अन्य साथियों के साथ दुकान में घुसे और वहां से मोबाइल फोन व नकदी लूट ली। जब भाइयों ने इसका विरोध किया तो हमलावरों ने मोहम्मद फहद की नाक काट दी, जिससे वह बेहोश हो गया। वहीं, मोहम्मद सुलेमान को भी गंभीर चोटें आईं।

दोनों घायलों को पहले सीएचसी सीयर ले जाया गया, जहां से उनकी हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना पर उभांव थाने के इंस्पेक्टर राजेन्द्र प्रसाद सिंह और चौकी प्रभारी चन्द्रशेखर यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। हमलावरों की एक बाइक घटनास्थल पर ही छूट गई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है।

पीड़ित पक्ष की ओर से आधा दर्जन से अधिक नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। हालांकि, घटना के 24 घंटे बाद भी किसी की गिरफ्तारी नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराज़गी है और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।

Next Story