उत्तर प्रदेश

Ballia: कटहल नाले के सौंदर्यीकरण को मंजूरी मिली

Admindelhi1
8 Jun 2025 12:39 PM IST
Ballia: कटहल नाले के सौंदर्यीकरण को मंजूरी मिली
x
18 करोड़ की लागत से बदलेगा स्वरूप

बलिया: शहर के वर्षों पुराने और बहुप्रतीक्षित कटहल नाले के कायाकल्प का रास्ता अब साफ हो गया है। उत्तर प्रदेश सरकार ने इसके सुंदरीकरण और विकास कार्यों के लिए 18 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के प्रयासों से यह योजना मंजूरी तक पहुंची है। अब यह प्रोजेक्ट जल्द ही धरातल पर उतरने को तैयार है।

कटहल नाले का यह प्रोजेक्ट रामपुर महावल पुलिया से लेकर पावर हाउस पुल तक लगभग दो किलोमीटर के क्षेत्र में लागू होगा। शुरुआत में नाले की पूरी तरह सफाई कराई जाएगी। इसके बाद दोनों किनारों पर पाथवे (पैदल पथ) बनाया जाएगा। नाले के दोनों ओर सोलर लाइटें लगाई जाएंगी, बैठने के लिए बेंच और कूड़ा निस्तारण के लिए डस्टबिन भी लगाए जाएंगे। रास्ते में आने वाले पुलों का भी सौंदर्यीकरण किया जाएगा और उन्हें आर्क की शक्ल में विकसित किया जाएगा।

नाले की चौड़ाई लगभग 60 मीटर होगी और बीच में आने वाले अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए सर्वेक्षण का कार्य पूरा हो चुका है। हाल ही में लखनऊ और आजमगढ़ से आई टीम ने अपनी रिपोर्ट शासन को सौंप दी है। उम्मीद है कि सोमवार तक शासनादेश जारी होने के साथ ही परियोजना की पहली किस्त भी रिलीज कर दी जाएगी।

"कटहल नाला बनेगा विकास की मिसाल" – दयाशंकर सिंह

परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि चुनाव के समय जो भी वादे किए गए थे, उन्हें प्राथमिकता से पूरा किया जाएगा। कटहल नाला प्रोजेक्ट बलिया के लिए एक उदाहरण बनेगा। दो किलोमीटर के इस क्षेत्र में जहां जगह उपलब्ध होगी वहां छोटे-छोटे पार्क भी बनाए जाएंगे। बीच में लकड़ी के डेक बनाए जाएंगे, जहां से लोग नाले के पास तक जा सकेंगे। दोनों ओर हरियाली बढ़ाने के लिए पेड़-पौधे और फूल भी लगाए जाएंगे।

मंत्री ने यह भी बताया कि इस प्रोजेक्ट का दूसरा चरण बहादुरपुर से लेकर सुरहा तक विस्तार के रूप में लिया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि बहुत जल्द इसका निर्माण कार्य भी शुरू हो जाएगा।

Next Story