उत्तर प्रदेश

Ballia: बैंक कर्मचारी पर 7.99 लाख की ठगी का आरोप

Admindelhi1
5 April 2025 11:15 AM IST
Ballia: बैंक कर्मचारी पर 7.99 लाख की ठगी का आरोप
x
"बैंक कैशियर का फर्जीवाड़ा"

बलिया: सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया (देवरिया) के क्षेत्रीय प्रमुख शशिभूषण दयाल ने बैंक के लालगंज शाखा के कस्टमर सर्विस एसोसिएट धर्मेंद्र कुमार सिंह के खिलाफ फर्जी हस्ताक्षर के जरिए 7 लाख 99 हजार 900 रुपये निकालने के आरोप में दोकटी थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

शशिभूषण दयाल की शिकायत के अनुसार, लालगंज शाखा में गणेश कुमार यादव नामक खाताधारक का बचत खाता है। 26 दिसंबर 2024 को गणेश ने शाखा प्रबंधक बालेंद्र कुमार राव को बताया कि उसके खाते से बड़ी रकम गायब हो गई है। शिकायत के बाद बैंक ने तत्काल आंतरिक जांच शुरू की।

जांच में पता चला कि बैंक के कस्टमर सर्विस एसोसिएट धर्मेंद्र कुमार सिंह (निवासी: गहमर गांव, पट्टी भीउराय, गाजीपुर) ने बिना अनुमति के खाताधारक के दस्तावेजों को कूटरचित कर अलग-अलग तिथियों में वाउचर के माध्यम से पैसा निकाला था। पूछताछ में धर्मेंद्र ने गड़बड़ी स्वीकार की और रकम वापस खाताधारक के खाते में जमा करा दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्रीय कार्यालय ने विस्तृत जांच कराई, जिसमें धोखाधड़ी की पुष्टि हुई। इस पर बैंक के अधिकारियों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। क्षेत्राधिकारी फहीम कुरैशी ने बताया कि सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया (देवरिया) के क्षेत्रीय प्रमुख की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की विवेचना जारी है।

Next Story