उत्तर प्रदेश

Ballia: गर्मी में झुलसा बलिया, तापमान 40 डिग्री और बिजली गुल

Admindelhi1
11 Jun 2025 1:53 PM IST
Ballia: गर्मी में झुलसा बलिया, तापमान 40 डिग्री और बिजली गुल
x

बलिया: जिले में भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। बुधवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 32 डिग्री दर्ज किया गया। सुबह 9 बजे के बाद से ही धूप इतनी तेज हो जाती है कि लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं। 10 बजे के बाद शहर की सड़कें लगभग सुनसान हो जाती हैं। चिलचिलाती धूप के बीच लोग गमछा, टोपी और सनग्लास पहनकर ही घर से बाहर निकल रहे हैं।

दोपहर के समय खासकर दोपहिया वाहनों की संख्या सड़कों पर काफी कम हो जाती है। गर्मी से बचने के लिए लोग पेड़ों की छांव में सुस्ताते दिखते हैं। वहीं, तरबूज, खीरा, बेल शरबत, सत्तू, आम पन्ना और ग्लूकोज जैसे ठंडे पेय पदार्थों की दुकानों पर लोगों की भीड़ उमड़ रही है।

बिजली कटौती ने बढ़ाई परेशानी

शहर और गांव दोनों जगहों पर बिजली की आंखमिचौली ने गर्मी की मार को और मुश्किल बना दिया है। बिजली कटते ही लोग घरों से बाहर निकलकर पेड़ों की छांव में राहत की तलाश करने लगते हैं। सबसे अधिक दिक्कत महिलाओं और छोटे बच्चों को हो रही है, जो तेज गर्मी में घर के अंदर भी चैन नहीं पा रहे।

हर दिन चढ़ता तापमान, राहत नहीं

पिछले कुछ दिनों में तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई है। शुक्रवार को जहां अधिकतम तापमान 37 डिग्री था, वहीं शनिवार को यह 38, रविवार और सोमवार को 39 और मंगलवार को 40 डिग्री तक पहुंच गया। बुधवार को भी तापमान 40 डिग्री पर बना रहा।

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में भी गर्मी से राहत की उम्मीद कम है। ऐसे में स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने नागरिकों से अपील की है कि अत्यधिक आवश्यक न हो तो दोपहर के समय बाहर न निकलें और शरीर में पानी की कमी न होने दें।

गर्मी का ये दौर कब तक चलेगा, यह तो मौसम बताएगा, लेकिन फिलहाल बलिया में सूरज के तेवर और बिजली की बेरुखी ने आमजन को बेहाल कर रखा है।

Next Story