उत्तर प्रदेश

Ballia: बिना सूचना पहुंचे बलिया DM, बैरिया तहसील में कई अनियमितताएं उजागर

Admindelhi1
30 May 2025 11:32 AM GMT
Ballia: बिना सूचना पहुंचे बलिया DM, बैरिया तहसील में कई अनियमितताएं उजागर
x
रजिस्ट्रार कानूनगो को चेतावनी

बलिया: जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने शुक्रवार को बैरिया तहसील का औचक निरीक्षण किया और विभिन्न विभागों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अभिलेखों के रखरखाव में अनियमितता पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की और सभी अभिलेखों को व्यवस्थित ढंग से संधारित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने आवास एवं कृषि पट्टा आवंटन रजिस्टर का अवलोकन किया, जिसमें सूचनाएं अद्यतन दर्ज नहीं पाई गईं। इस लापरवाही पर उन्होंने रजिस्ट्रार कानूनगो रविन्द्र कुमार को चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने उप जिलाधिकारी आलोक प्रताप सिंह को निर्देशित किया कि तहसील परिसर की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। टूटी खिड़कियों की मरम्मत, बिखरे विद्युत तारों की मरम्मत और कार्यालयों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए।

उन्होंने यह भी कहा कि उप जिलाधिकारी सभी रजिस्टरों का नियमित रूप से निरीक्षण करें और आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही करें। तहसीलदार न्यायालय कक्ष, उप जिलाधिकारी न्यायालय कक्ष, खतौनी कक्ष एवं नजारत कक्ष का निरीक्षण करते हुए डीएम ने वहां मौजूद कर्मचारियों से उनके कार्यों की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

Next Story