- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Ballia: अपेक्षा सिंह...

बलिया: जिले के बांसडीह क्षेत्र स्थित नारायनपुर जूनियर हाईस्कूल के शिक्षक अरुण कुमार सिंह की होनहार बेटी अपेक्षा सिंह ने नीट (NEET-UG 2025) परीक्षा में शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। अपेक्षा ने 720 में से 527 अंक अर्जित करते हुए 25,854वीं ऑल इंडिया रैंक हासिल की है, जिससे उन्हें सरकारी मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस में दाखिला मिलना तय है।
अपेक्षा की यह सफलता इसलिए भी खास है क्योंकि यह उनका पहला प्रयास था और उन्होंने पूरे आत्मविश्वास के साथ परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन किया। मूल रूप से बांसडीह क्षेत्र के तिखमपुर गांव निवासी अपेक्षा की शुरुआती शिक्षा बेहद सधे हुए तरीके से हुई। उन्होंने वर्ष 2023 में कक्षा 10वीं की परीक्षा कैस्टर ब्रिज स्कूल से 97% अंकों के साथ पास की, जबकि 2025 में 12वीं की परीक्षा सूर्यबदन विद्यापीठ से 94% अंकों के साथ उत्तीर्ण की।
अपनी इस कामयाबी का श्रेय अपेक्षा ने अपने माता-पिता—पिता अरुण कुमार सिंह और माता सुमिता सिंह—के साथ-साथ परिवार के सभी सदस्यों के सहयोग और प्रेरणा को दिया है। उन्होंने बताया कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर पढ़ाई की बदौलत यह मुकाम हासिल हुआ।
अपेक्षा की सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है और वह अब जिले की बेटियों के लिए प्रेरणास्त्रोत बन गई हैं। ग्रामीणों और शिक्षकों ने भी इस उपलब्धि पर हर्ष जताया है। Ballia की बेटी ने यह साबित कर दिया है कि यदि लगन और मेहनत हो, तो कोई भी लक्ष्य दूर नहीं।





