- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Ballia: आगसा ने जाति...
Ballia: आगसा ने जाति प्रमाण पत्र की मांग पर अर्धनग्न होकर किया प्रदर्शन

बलिया: गोंडवाना स्टूडेंट एसोसिएशन (आगसा) ने जाति प्रमाण पत्र जारी करने की मांग को लेकर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट पर अर्धनग्न प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन उनके अनिश्चितकालीन धरने के 110वें दिन आयोजित किया गया।
प्रदर्शनकारियों ने अपने शरीर पर ‘मैं गोड़ हूं’ लिखकर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट को मांग पत्र सौंपा और जिलाधिकारी के विरोध में जमकर नारेबाजी की।
आगसा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज साह ने प्रशासन से सवाल किया कि जब मनियर नगर पंचायत अध्यक्ष पद के उपचुनाव में गोंड जाति के चार लोगों का नामांकन वैध माना गया और उन्हें चुनाव लड़ने की अनुमति दी गई, तो अब उन्हें अनुसूचित जनजाति का प्रमाण पत्र क्यों नहीं दिया जा रहा?
उन्होंने बताया कि भाजपा प्रत्याशी बुचिया देवी गोंड को चुनाव जीतने के बाद प्रमाण पत्र देकर शपथ भी दिलाई गई, लेकिन आज वही प्रशासन गोंड जाति को प्रमाण पत्र जारी करने से इनकार कर रहा है।
संरक्षक अरविंद गोंडवाना ने आरोप लगाया कि जिलाधिकारी शासनादेशों का उल्लंघन कर रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो वे आमरण अनशन पर बैठेंगे और जरूरत पड़ने पर आत्मदाह जैसे कठोर कदम उठाने से भी पीछे नहीं हटेंगे।





