- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Ballia: रेस्टोरेंट...
Ballia: रेस्टोरेंट संचालक से रंगदारी मामले में आरोपी गिरफ्तार

बलिया: बैरिया कस्बे के एक रेस्टोरेंट संचालक ने तीन लोगों पर रंगदारी मांगने और हंगामा करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार कर चालान कर दिया, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।
रेस्टोरेंट संचालक धीरेंद्र सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रानीगंज रोड पर स्थित उनके रेस्टोरेंट में शनिवार शाम करीब छह बजे दोकटी थाना क्षेत्र के बहुआरा निवासी आलोक सिंह (पुत्र भीम सिंह), मनीष सिंह (पुत्र किशुन सिंह) और मनीष सिंह (पुत्र रामजी सिंह) पहुंचे और जन्मदिन मनाने के लिए टेबल बुक किया।
हंगामा और रंगदारी की मांग: रात करीब 10 बजे तीनों रेस्टोरेंट में आए, खाना खाया और बिना पैसा दिए जाने लगे। जब उनसे बिल का भुगतान करने को कहा गया, तो वे रंगदारी मांगने लगे, गाली-गलौज की और धमकी देकर चले गए।
रात 11:22 बजे तीनों बाइक से दोबारा आए और तमंचा लहराते हुए रेस्टोरेंट के किचन में घुस गए। उन्होंने कर्मचारियों को गालियां दीं और रंगदारी मांगने लगे। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही तीनों आरोपी भागने लगे, लेकिन पुलिस ने आलोक सिंह को धर दबोचा। उसके पास से एक कट्टा और कारतूस बरामद हुआ।
एसओ राकेश सिंह ने बताया कि रेस्टोरेंट संचालक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एक आरोपी गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि अन्य दो आरोपियों की तलाश जारी है।





