- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Ballia: सड़क हादसे में...
Ballia: सड़क हादसे में एक युवक की मौत, नीलगाय बनी वजह

बलिया: जिले के सहतवार थाना क्षेत्र में मंगलवार देर शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब चलती बाइक पर अचानक नीलगाय कूद पड़ी, जिससे बाइक सवार तीन दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान 17 वर्षीय मुन्ना वर्मा की रास्ते में ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य को गंभीर हालत में वाराणसी रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, कस्बा के वार्ड नंबर 6 निवासी संतोष वर्मा का बेटा मुन्ना वर्मा अपने दोस्त गोलू वर्मा (13) व एक अन्य युवक के साथ बाइक से बघांव की ओर जा रहा था। जैसे ही वह वन विभाग कार्यालय के पास पहुंचे, तभी अचानक सड़क पार कर रही नीलगाय उनकी बाइक पर कूद गई, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई और तीनों सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत सभी को पास के स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल बलिया रेफर किया गया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद चिकित्सकों ने तीनों को वाराणसी भेजने की सलाह दी, लेकिन रास्ते में ही मुन्ना वर्मा ने दम तोड़ दिया। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस मार्ग पर जंगली जानवरों की अचानक आवाजाही आम बात है, जिससे पहले भी हादसे हो चुके हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से उचित सुरक्षा उपाय करने की मांग की है।





