- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Ballia: 25,000 इनामी...

बलिया: भीमपुरा थाना क्षेत्र के सब्दलपुर चट्टी के पास शुक्रवार रात करीब एक बजे पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई, जो एक बदमाश के बाएं पैर में लगी। घायल बदमाश को गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार घायल बदमाश की पहचान दीपक पासवान पुत्र लालदेव पासवान, निवासी वार्ड नंबर-9, कस्बा रेवती, थाना रेवती, जनपद बलिया के रूप में हुई है। फरार बदमाश का नाम सतीश सैनी पुत्र स्व. मुन्ना सैनी, निवासी गोठौली, थाना बांसडीह रोड बताया गया है।
दीपक पासवान के पास से पुलिस ने एक तमंचा, दो कारतूस और एक चोरी की बाइक बरामद की है। उस पर ₹25,000 का इनाम घोषित था। पुलिस का कहना है कि दीपक 20 मई और 4 जून 2025 की रात पकड़ीडीह स्थित देसी शराब की दुकान से पेटियां, नकदी और स्कैनर चोरी करने की घटनाओं में शामिल था। साथ ही, 9 मई को थाना गड़वार क्षेत्र से बाइक चोरी की वारदात में भी उसकी संलिप्तता सामने आई है।
अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) कृपा शंकर ने जानकारी दी कि घायल बदमाश का इलाज जिला अस्पताल में जारी है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। फरार बदमाश की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है।





