उत्तर प्रदेश

Ballia: बाढ़ के पानी में डूबा 11 वर्षीय बालक

Admindelhi1
8 Aug 2025 4:31 PM IST
Ballia: बाढ़ के पानी में डूबा 11 वर्षीय बालक
x
"मौत से मचा कोहराम"

बलिया: गंगा नदी में आई बाढ़ गुरुवार को एक मासूम की जान ले गई। हल्दी पश्चिम टोला में अपने नाना के घर रह रहे 11 वर्षीय युवराज गुप्ता की बाढ़ के पानी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मूल रूप से बैरिया थाना क्षेत्र निवासी राजेश गुप्ता का पुत्र युवराज, कुछ समय से अपने नाना जगेश्वर गुप्ता के यहां रह रहा था। गुरुवार सुबह करीब 10 बजे वह कुछ बच्चों के साथ स्नान करने गया था। लौटते समय वह गंगा नदी में आए बाढ़ के पानी में बह गया और एक गहरे गड्ढे में चला गया।

घटना के दौरान पीछे से आ रहे कुछ लोगों ने जब शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद युवराज का शव बरामद किया गया।

हल्दी थानाध्यक्ष विश्वदीप सिंह ने बताया कि मृत बालक बैरिया का निवासी था और अपने नाना के घर रह रहा था। गहरे पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। गांव में इस हादसे से शोक की लहर है।

Next Story