- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Baliya: ‘Nirakaran...
Baliya: ‘Nirakaran Ballia’ एप से मिलेगा जनता को राहत, शिकायतें होंगी ट्रैक और रिज़ॉल्व

बलिया: जनपद बलिया में सुशासन और पारदर्शिता को नई दिशा देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अगुवाई में एक अनूठी पहल की गई है। राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC), बलिया द्वारा विकसित ‘Nirakaran Ballia’ नामक वेब एप्लीकेशन जनशिकायतों के त्वरित, पारदर्शी और डिजिटल समाधान की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम माना जा रहा है।
यह वेब पोर्टल न सिर्फ शिकायतों को ऑनलाइन दर्ज करने की सुविधा प्रदान करता है, बल्कि उसके प्रभावी निस्तारण और विभागीय जवाबदेही को भी सुनिश्चित करता है।
क्या है ‘Nirakaran Ballia’ एप्लीकेशन की खासियत?
डिजिटल शिकायत प्रबंधन प्रणाली
एप्लीकेशन के जरिए डीएम, सीडीओ, एसडीएम, बीडीओ, डीडीओ जैसे अधिकारियों के पास आने वाली शिकायतों को ऑनलाइन दर्ज किया जा सकेगा। शिकायतकर्ता का नाम, मोबाइल नंबर, शिकायत का विवरण और स्कैन कॉपी पोर्टल पर अपलोड की जा सकेगी।
शिकायत संख्या (Complaint ID) और ट्रैकिंग सुविधा
प्रत्येक शिकायत पर एक यूनिक नंबर जेनरेट किया जाएगा, जिसे गुलाबी पर्ची (Pink Slip) के रूप में शिकायतकर्ता को दिया जाएगा। इस पर्ची से वह अपनी शिकायत की स्थिति कहीं से भी ट्रैक कर सकेगा।
10 दिन की समयसीमा और डिफॉल्टर मॉनिटरिंग
प्रत्येक शिकायत को अधिकतम 10 दिन में निस्तारित करना अनिवार्य है। समयसीमा पार करने पर शिकायत "डिफॉल्टर श्रेणी" में चली जाती है, जिससे संबंधित विभाग की जवाबदेही तय होती है।
विभागवार मार्किंग और रिपोर्टिंग सिस्टम
शिकायतों को संबंधित विभागों को डिजिटल रूप से मार्क किया जाता है, जिससे त्वरित समाधान संभव हो सके। साथ ही यह जानकारी भी मिलती है कि किस विभाग के विरुद्ध कितनी शिकायतें आई हैं और उनकी स्थिति क्या है। यह डेटा प्रशासन को नीति बनाने और संसाधन आवंटन में भी मदद करता है।
डुप्लिकेट शिकायतों पर रोक
एक ही शिकायतकर्ता द्वारा बार-बार शिकायत दर्ज करने की प्रवृत्ति पर भी अंकुश लगाया गया है। यूनिक ID से सिस्टम पहचान लेता है कि वही मामला पहले से दर्ज है या नहीं।
जल्द आएगा मोबाइल ऐप संस्करण
जनसहभागिता को और अधिक मजबूत करने के लिए इस वेब एप्लीकेशन को जल्द ही मोबाइल ऐप के रूप में भी लॉन्च करने की योजना है, जिससे नागरिक कहीं से भी आसानी से अपनी शिकायत दर्ज कर सकें।
प्रशासनिक निगरानी में भी मददगार
‘Nirakaran Ballia’ एप्लीकेशन से डीएम और अन्य वरिष्ठ अधिकारी किसी भी समय यह देख सकते हैं कि कौन-सी शिकायत लंबित है, किस अधिकारी के पास है और कितनी शिकायतों का निस्तारण हो चुका है।





