उत्तर प्रदेश

Bahraich: शादी के दबाव में प्रेमी बना हत्यारा

Admindelhi1
10 March 2025 12:59 PM IST
Bahraich: शादी के दबाव में प्रेमी बना हत्यारा
x
"सिर काटकर की प्रेमिका की हत्या"

बहराइच: कोतवाली नानपारा क्षेत्र के जगन्नाथपुर गांव में नहर किनारे मिली अज्ञात महिला की सिर कटी लाश की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। शादी का दबाव डालने पर प्रेमी ने ही शादीशुदा प्रेमिका की गला काटकर हत्या कर दी और शव को ठिकाने लगाने के लिए सिर को दो किलोमीटर दूर फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी को मथुरा पुल के पास से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

नेपाल भागने की फिराक में था आरोपी: मृतका की पहचान अमीना (26), निवासी चमरपुरवा, थाना मल्हीपुर, श्रावस्ती के रूप में हुई। उसकी सास ने शुक्रवार रात उसकी पहचान की थी। पुलिस अधीक्षक राम नयन सिंह के निर्देश पर कोतवाली पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम को जांच में लगाया गया।

जांच में पता चला कि श्रावस्ती जिले के हरत्तनगर गिरंट थाना क्षेत्र के हसनपुर गांव निवासी आसिफ रजा उर्फ फैजान (पुत्र मुजफ्फर अली) का मोबाइल लोकेशन घटनास्थल के पास मिला। साथ ही, जानकारी मिली कि वह नेपाल भागने की फिराक में था। इस पर प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार सिंह और एसओजी प्रभारी दिवाकर तिवारी की टीम ने उसे मथुरा पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया।

प्यार, शादी और फिर खौफनाक साजिश

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मृतका से प्यार करता था। मृतका अक्सर नवाबगंज में अपने पिता के मकान में रहती थी, जहां वह बाइक रिपेयरिंग का काम करता था। लेकिन जब प्रेमिका ने शादी का दबाव बनाया, तो उसने हत्या की योजना बना ली।

आसिफ 6 मार्च को बाइक पर बैठाकर प्रेमिका को नहर किनारे जंगल में ले गया, फिर खुद के बनाए बोगदे (धारदार हथियार) से गला काटकर उसकी हत्या कर दी। बाद में पहचान छिपाने के लिए सिर को दो किलोमीटर दूर फेंक दिया।

'सालार' मूवी देखकर की हत्या

अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी ने बताया कि आरोपी ने हाल ही में 'सालार' फिल्म देखी थी, जिससे प्रभावित होकर उसने प्रेमिका को मारने की योजना बनाई।

हत्या में प्रयुक्त हथियार और बाइक बरामद

पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रदुम्न सिंह ने बताया कि कटा हुआ सिर बरामद कर लिया गया है। साथ ही, नवाबगंज स्थित आवास से कपड़े, बाइक और हत्या में प्रयुक्त बोगदा भी जब्त किया गया। पुलिस ने बाइक और अन्य सामान सीज कर आरोपी को जेल भेज दिया है।

Next Story