- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Bahraich: सैकड़ों...
Bahraich: सैकड़ों लोगों ने किसान की जमीन पर कब्जे के लिए बोला धावा

बहराइच: जिले के अहाता गांव में एक किसान की खेती योग्य जमीन पर कब्जे के लिए सैकड़ों हथियारबंद लोगों ने हमला कर दिया। आरोपियों ने परिवार के सदस्यों की पिटाई कर खेत में खड़ी गन्ने की फसल ट्रैक्टर से जोत दी और पेड़ काट डाले।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्राम प्रधान के दो पुत्रों समेत 13 नामजद व 100 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जरवल रोड थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत अहाता निवासी जगत राम पुत्र बच्चू गांव में स्थित गाटा संख्या 720ख के संक्रमणीय भूमिधर काश्तकार हैं। उन्होंने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि
गांव निवासी जगमोहन पुत्र छोटेलाल, केशव राम पुत्र सुकई, राम तेज पुत्र सुखी, मिल्की राम पुत्र गंगाराम, हरिश्चंद्र (निवासी रतनपुर, बाराबंकी), रामफेरे पुत्र सीताराम, धर्मदास पुत्र गणेश, धर्मराज पुत्र राजाराम, अयोध्या पुत्र पंचम, कंधई पुत्र रामनरेश और 100 अज्ञात लोगों ने उसके मकान और खेत पर जबरन कब्जा करने के लिए हमला किया।
गन्ने की फसल को ट्रैक्टर से नष्ट कर दिया और 10 सागौन, 10 भिलौर और 5 आम के पेड़ काट दिए। हमलावरों ने मकान में घुसकर परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस को सूचना देने के बावजूद आरोपियों ने फसल को नुकसान पहुंचाना जारी रखा और खेत पर कब्जा जमा लिया।
थानाध्यक्ष बृजराज प्रसाद ने बताया कि जगत राम की तहरीर के आधार पर ग्राम प्रधान के दो पुत्रों समेत 13 नामजद और 100 अज्ञात लोगों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
मामले की जांच उपनिरीक्षक हरिद्वार को सौंपी गई है। जांच पूरी होने के बाद सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।





