- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Bahraich: पूर्व प्रधान...
Bahraich: पूर्व प्रधान के पुत्र पर फायरिंग, आरोपी गिरफ्तार

बहराइच: सिपहिया प्यूली गांव में शुक्रवार शाम हुए गोलीकांड के मुख्य आरोपी मृत्युंजय अवस्थी को श्रावस्ती पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वारदात के बाद फरार हुआ आरोपी बुलेट से दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसके चलते उसे घायल अवस्था में पकड़ा गया। पुलिस ने उसके पास से अवैध तमंचा और बुलेट बाइक बरामद कर जब्त कर लिया है।
घटना हरदी थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सिपहिया प्यूली की है, जहां वर्तमान ग्राम प्रधान सीमा अवस्थी और पूर्व प्रधान के परिवार के बीच चुनावी रंजिश चल रही थी। शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान सीमा अवस्थी के भतीजे मृत्युंजय अवस्थी ने अवैध हथियार से राजन अवस्थी उर्फ धुन्नू (28) को गोली मार दी।
गंभीर रूप से घायल राजन को पहले सीएचसी, फिर जिला अस्पताल और अंत में लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया। इलाज के दौरान शनिवार शाम सात बजे उसकी मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपी मृत्युंजय बुलेट बाइक से बलरामपुर की ओर फरार हो गया था। लेकिन रास्ते में श्रावस्ती जिले के इकौना थाना क्षेत्र में सीताद्वार झील के पास वह हादसे का शिकार होकर घायल हो गया।
पुलिस अधीक्षक श्रावस्ती घनश्याम चौरसिया ने बताया कि थानाध्यक्ष अश्वनी कुमार दुबे के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मौके से अवैध तमंचा और बाइक बरामद हुई, जिसे सीज कर दिया गया है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।





