उत्तर प्रदेश

Bahraich: रिसिया में पटाखों की दुर्घटना, स्थिति गंभीर

Admindelhi1
21 Oct 2025 12:46 PM IST
Bahraich: रिसिया में पटाखों की दुर्घटना, स्थिति गंभीर
x

बहराइच: बहराइच में दीपावली के दिन सोमवार दोपहर के करीब बहराइच शहर स्थित गेंद घर मैदान में पटाखे की दुकान में अचानक आग लगने से धमाके शुरू हो गए। हादसे के वक्त काफी संख्या में लोग मैदान में पटाखों की खरीददारी कर रहे थे। धमाका शुरू होते ही मैदान में भगदड़ मच गई लेकिन पुलिस व फायर ब्रिगेड की टीम ने तत्काल आग को बुझाते हुए स्थिति को नियंत्रित कर लिया। जिससे शहर में बड़ा हादसा होने से टल गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पहले से तैनात पुलिस व फायर ब्रिगेड ने आग को बुझा लिया है किसी को भी कोई चोट नहीं आई है।

घटना का संज्ञान लेते हुए तत्काल पूरे जिले में अग्निशमन विभाग ने चौकसी बढ़ाई और पटाखों बिक्री स्थलों पर लोगों को जागरूक करते हुए सघन जांच शुरू कर दी। इसी बीच देर शाम बहराइच के रिसिया बाजार में घर से बाइक पर लादकर पटाखों को दुकान ले जाते समय उसमें विस्फोट हो गया जिससे 15 वर्षीय मनीष पुत्र आत्माराम निवासी बंगला चक थाना रिसिया जिला बहराइच की झुलसकर मौत हो गई है जबकि बाइक चालक 20 वर्षीय वीरेंद्र गंभीर रूप से झुलस गया जिसका इलाज मेडिकल कॉलेज बहराइच में जारी है।

अपर पुलिस अधीक्षक नगर रामानंद कुशवाहा ने बताया कि जिले के रिसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत अमन नामक व्यापारी ने पटाखा बेचने के लिए तीन दिवस का अस्थाई लाइसेंस लिया था। सोमवार शाम को बाइक से दो लड़के दुकान के लिए पटाखा बोरे में रखकर ले जा रहे थे तभी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई जिससे बोरे में रखे पटाखों में विस्फोट होने लगा जिससे दोनों लड़के झुलस गए। स्थानीय पुलिस टीम ने तत्काल दोनो को मेडिकल कॉलेज बहराइच में भर्ती कराया जिसमें से एक लड़के को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया है जबकि दूसरे का इलाज जारी है।

अधिकारियों द्वारा पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।

Next Story