उत्तर प्रदेश

Badedi डकैती कांड का आरोपी विक्की मुठभेड़ में ढेर

Ratna Netam
8 July 2026 2:57 PM IST
Badedi  डकैती कांड का आरोपी विक्की मुठभेड़ में ढेर
x

Muzaffarnagar मुजफ्फरनगर : उत्तर प्रदेश और हरियाणा समेत कई राज्यों की पुलिस के लिए पिछले 12 वर्षों से चुनौती बना एक लाख रुपये का इनामी कुख्यात डकैत आसिम अली उर्फ विक्की उर्फ नक्शे हसन उर्फ पेंदा आखिरकार पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। यूपी एसटीएफ की नोएडा यूनिट ने मंगलवार तड़के अंबेडकरनगर जिले के बेवाना थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में इस खूंखार अपराधी को ढेर कर दिया। मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की ओर से हुई फायरिंग में एसटीएफ का एक आरक्षी भी घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार, मारा गया बदमाश कुख्यात छैमार गैंग का सक्रिय सदस्य था और लंबे समय से संगठित अपराधों में शामिल था। उसके खिलाफ कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विक्की की मौत के बाद छैमार गैंग के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है और गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचने में मदद मिलेगी।जानकारी के मुताबिक, एसटीएफ गौतमबुद्धनगर यूनिट को सूचना मिली थी कि छैमार गैंग के कुछ अपराधी अंबेडकरनगर के टांडा क्षेत्र में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर एसटीएफ टीम ने बेवाना थाना क्षेत्र के कुशालपुर गांव चौराहे के पास निगरानी शुरू कर दी।

इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्ध युवक वहां पहुंचे। पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन बदमाशों ने बाइक की रफ्तार बढ़ा दी और भागने का प्रयास किया। एसटीएफ टीम ने जब उनका पीछा किया तो बदमाशों ने पुलिसकर्मियों पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की एक गोली एसटीएफ इंस्पेक्टर सचिन मिश्रा की बुलेट प्रूफ जैकेट में जा लगी। जैकेट की वजह से उनकी जान बच गई। वहीं, दूसरी गोली एसटीएफ के आरक्षी ओमनाथ चौहान के हाथ में लगी, जिससे वह घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

पुलिस के अनुसार, बदमाशों की फायरिंग के बाद एसटीएफ टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान मुख्य आरोपी विक्की गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। घायल बदमाश को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल की जांच की। मौके से पुलिस को एक 32 बोर की पिस्तौल, चार जिंदा कारतूस, तीन खोखा कारतूस, एक 12 बोर की पौनिया देसी तमंचा, 12 कारतूस, दो खोखा कारतूस, एक बैग और एक बाइक बरामद हुई है।

एसटीएफ इंस्पेक्टर सचिन कुमार की तहरीर पर बेवाना थाने में बदमाशों के खिलाफ जानलेवा हमले और आर्म्स एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब फरार बदमाश की तलाश में जुटी हुई है।अधिकारियों के मुताबिक, विक्की का आपराधिक इतिहास काफी लंबा था और वह कई राज्यों में पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था। उसकी मौत को संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों और गैंग से जुड़े अन्य सदस्यों के खिलाफ भी अभियान जारी रहेगा।

Next Story