उत्तर प्रदेश

Badaun: बीएसए कार्यालय के स्टेनो पर महिला का आरोप, जांच के आदेश

Admindelhi1
9 April 2025 3:18 PM IST
Badaun: बीएसए कार्यालय के स्टेनो पर महिला का आरोप, जांच के आदेश
x
बीएसए ने बनाई जांच कमेटी

बदायूं: बिसौली क्षेत्र के ग्राम पलियर जसरथपुर की रहने वाली मिथलेश कुमारी पत्नी देवेन्द्र ने बीएसए कार्यालय में तैनात स्टेनो पद पर कार्यरत संविदा कर्मचारी पर ग्रेच्युटी दिलवाने के नाम पर 2 लाख रुपए लेने का आरोप लगाया हैं। मिथलेश कुमारी ने आय से अधिक संपत्ति के साथ साथ कई गंभीर आरोप भी लगाएं हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए संयुक्त शिक्षा निदेशक ने जांच के आदेश दिए हैं। इसके लिए अलग अलग जांच टीम नामित कर दी है। बीएसए कार्यालय में कार्यरत एक संविदा कर्मचारी की शिकायत मुख्यमंत्री, महानिदेशक बेसिक शिक्षा और कमिश्नर, डीएम से की जा चुकी है।

बिसौली क्षेत्र के गांव पलियर जसरथपुर की रहने वाली महिला मिथलेश कुमारी ने शिकायती पत्र में स्टैनो पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि स्टेनो ने कूट रचित तरीके से यह पद हासिल किया है। आरोप है कि भ्रष्टाचार की नीति अपनाते हुए स्टैनो ने अकूत संपत्ति एकत्रित कर ली है। मिथिलेश कुमारी का कहना है कि स्टेनो पद पर कार्यरत कर्मचारी की नियुक्ति संविदा पर वर्ष 1997 98 के दौरान उस समय सृजित डीपीईपी पद पर हुई थी। इस पद पर कर्मचारी ने अपने पिता, जो बीएसए कार्यालय में प्रधान सहायक पद पर कार्यरत थे, की सहायता से यह पद हासिल किया था। मिथलेश कुमारी ने बताया कि वर्ष 2003 मे गलत तरीके से स्टेनो पद पर नियुक्ति कर ली। तब से अब तक उनकी सेवा में विस्तार होता आ रहा है, साथ ही मानदेय भी बढ़ाया जाता रहा है। मिथलेश कुमारी ने जांच के लिए मांग की, जिसे गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी गई। डायट प्राचार्य के नेतृत्व में तीन सदस्यीय कमेटी का गठन कर जांच करने के आदेश दिए गए हैं। बीएसए वीरेंद्र सिंह ने बताया कि मिथलेश कुमारी की शिकायत पर मामले की जांच के लिए टीम बनाई गई है। टीम द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

Next Story