उत्तर प्रदेश

Badaun: वाइब्रेटर मशीन में करंट आने से मजदूर की मौत, जांच में जुटा प्रशासन

Admindelhi1
9 Jun 2025 12:10 PM IST
Badaun: वाइब्रेटर मशीन में करंट आने से मजदूर की मौत, जांच में जुटा प्रशासन
x
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

उझानी: बदायूं जिले के उझानी कस्बे में रेलवे स्टेशन के पास निर्माणाधीन अंडरपास में कार्य करते समय वाइब्रेटर मशीन में करंट आ जाने से एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान कन्नौज जिले के सगरवा थाना क्षेत्र के दिलदारपुर गांव निवासी पंकज (30) के रूप में हुई है।

घटना शनिवार की है। पंकज रेलवे स्टेशन के पास अंडरपास निर्माण कार्य में वाइब्रेटर मशीन चला रहे थे, जबकि उनके अन्य साथी मजदूर अलग कार्यों में व्यस्त थे। इसी दौरान मशीन में अचानक करंट आ गया, जिससे पंकज को जोरदार झटका लगा और वह मौके पर ही बेसुध होकर गिर पड़े।

साथी मजदूरों ने उन्हें आनन-फानन में राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से मिली सूचना पर उझानी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगी। मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। उनकी तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस हादसे के बाद निर्माण स्थल पर काम कर रहे मजदूरों में चिंता और भय का माहौल है। वहीं, स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी को हादसे की बड़ी वजह बताया है।

Next Story