उत्तर प्रदेश

Badaun: लूट से पहले मुठभेड़, दोनों आरोपी पुलिस की पकड़ में

Admindelhi1
25 Jun 2025 10:43 AM IST
Badaun: लूट से पहले मुठभेड़, दोनों आरोपी पुलिस की पकड़ में
x

बदायूं: वजीरगंज क्षेत्र में जून महीने में लूट की योजना बनाते बदमाशों से मुठभेड़ का दूसरा मामला सामने आया है। पुलिस ने 18 जून की तड़के मुठभेड़ के बाद चार बदमाशों को गिरफ्तार किया था। अब पुलिस ने लूट की योजना बनाते दो बदमाशों को पकड़ा है। वह लूट के इरादे से खड़े थे। पुलिस को पास आता देखकर उन्होंने गोली चला दी। जवाब में पुलिस ने भी गोली लगाई। दो बदमाशें के पैर में गोली लगी। दोनों के पास से दो अवैध तमंचा, तीन जिंदा व दो खोखा कारतूस और ईको कार बरामद हुई। दोनों का जिला अस्पताल में इलाज कराया गया।

थाना वजीरगंज के अपराध निरीक्षक बाबूराम गौतम पुलिस बल के साथ सोमवार की रात क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। आंवला-बिसौली मार्ग स्थित गांव भवानीपुर तिराहे के पास एक ईको कार रास्ते से हटकर आड़ में खड़ी नजर आई। पुलिस को मामला संदिग्ध लगा। पुलिस कार की ओर बढ़ी थी कि इसी दौरान कार के पास खड़े लोगों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने खुद को बचाया और आत्मरक्षा के लिए बदमाशों पर गोली चलाई। कार के पास खड़े दो बदमाशों के पैर में गोली लगी। पुलिस ने दोनों का हिरासत में लिया। एक ने अपना नाम बरेली के थाना सुभाषनगर क्षेत्र के मोहल्ला रोधी निवासी किशोर कश्यप पुत्र नन्हें लाल बताया। जिसके बाएं पैर में गोली लगी।

वहीं दूसरे बदमाश ने अपना नाम जिला पीलीभीत के थाना जहानाबाद क्षेत्र के गांव निजामपुर मंडी निवासी प्रेमपाल पुत्र भगवान स्वरूप बताया। उसके दाहिने पैर में गोली लगी थी। जबकि उनके दो अन्य साथी पुलिस पर फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। पकड़े गए बदमाशों ने बताया कि वह लूट के इरादे से भवानीपुर तिराहे के पास खड़े थे। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।

दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी किशोर पर पहले भी थाना सुभाषनगर में रिपोर्ट दर्ज हो चुकी है। गिरफ्तार करने वालों में अपराध निरीक्षक के साथ उपनिरीक्षक सुजीत कुमार व जगवीर सिंह, हेड कांस्टेबिल सत्यवीर व रफीक अहमद, कांस्टेबिल अमरजीत, सुरेंद्र, हिमांक, चरन सिंह, सतीश, विशांत रहे। पुलिस ने सप्ताह भर पहले भी लूट की योजना बनाते चार बदमाशों को पकड़ा था।

Next Story