उत्तर प्रदेश

Badaun: ई-रिक्शा चालक की गला रेतकर हत्या

Admindelhi1
27 May 2025 4:57 PM IST
Badaun: ई-रिक्शा चालक की गला रेतकर हत्या
x
'गांव में सनसनी"

बदायूं: सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र के आमगांव में ई-रिक्शा चालक की बेरहमी से गला रेतकर हत्या कर दी गई। मंगलवार सुबह उसका शव गांव के पास एक खेत में पड़ा मिला, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच कर साक्ष्य एकत्र किए।

मृतक की पहचान आमगांव निवासी मनोज पटेल (पुत्र चिरौंजीलाल) के रूप में हुई है, जो ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। परिजनों के अनुसार, सोमवार शाम गांव के ही दो लोग मनोज को बुलाकर ले गए थे, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटे।

रातभर तलाश करने के बाद भी जब मनोज का कोई सुराग नहीं मिला, तो सुबह खेत में उनका शव मिलने की सूचना मिली। शव के पास खून के निशान और संघर्ष के संकेत मिले हैं, जिससे अंदेशा है कि हत्या से पहले मनोज ने हमलावरों का प्रतिरोध किया होगा।

बताया जा रहा है कि घटना से पहले मनोज का गांव के पास स्थित शराब की दुकान पर एक युवक से विवाद हुआ था। इसके बाद से ही वह लापता हो गए थे।

एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत की। मृतक के पिता की तहरीर पर दो लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है और पुलिस ने जल्द खुलासे का भरोसा दिलाया है।

Next Story