उत्तर प्रदेश

Badaun: बूंदाबांदी से गेहूं की फसल को हुआ नुकसान , किसान परेशान

Tara Tandi
23 March 2025 2:43 PM IST
Badaun: बूंदाबांदी से गेहूं की फसल को हुआ नुकसान , किसान परेशान
x
Badaun बदायूं : मौसम के रुख में शनिवार को अचानक से बदलाव आ गया। सुबह करीब दस बजे तेज ठंडी हवाएं चलने लगी। करीब आधा घंटे तक चली तेज हवाओं के बाद से मौसम साफ हो गया। फिर दोपहर बाद तेज हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी हुई। कुछ क्षेत्रों में गेहूं की फसल खेतों में बिछ गई। इससे किसानों को भारी नुकसान हुआ। मौसम में आए बदलाव से तापमान में भी गिरावट आ गई। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पहले सहसवान फिर बिल्सी में आंधी के साथ बारिश होने लगी। हालांकि इस बीच शहर में धूप निकली हुई थी, लेकिन दोपहर ढाई बजे के बाद अचानक आसमान में काली घटाएं घिर आईं और 20 से 25 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलने लगीं। धूल के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया। इसी बीच बारिश भी होने लगी। अचानक मौसम के करवट बदलने के कारण जो जहां था, वहीं ठहरकर रह गया है।
तेज हवाएं चलने से कुछ क्षेत्रों में खेतों में खड़ी गेहूं की फसल गिर गई। सबसे अधिक अधिक नुकसान सहसवान क्षेत्र में बताया जा रहा है। तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से शहर की बिजली सप्लाई बंद कर दी गई। ताकि बिजली लाइनें टूटकर गिरने से कोई हादसा न हो। मौसम में आए बदलाव की वजह तापमान में भी गिरावट आ गई। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 16 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया। कृषि अधिकारियों के मुताबिक दो दिनों तक बारिश के आसार बने हुए हैं। रविवार को दिन में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। जिससे तापमान में गिरावट रहेगी।
किसानों के माथे पर आई शिकन
आंधी बारिश आने से गेहूं की फसल करने वाले किसानों के माथे पर शिकन आ गई हैं। खेतों में तैयार खड़ी फसल गिरने से खराब होने का अंदेशा किसान जता रहे हैं। किसान रामपाल ने बताया कि आंधी बारिश से गेहूं की फसल गिर गई हैं। अगर तेज बारिश हुई तो उनकी फसल खराब हो जाएगी। गेहूं का दाना काला पड़ जाएगा।
Next Story