- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Badaun:...
Badaun: ट्रैक्टर-ट्रॉली का डाला खुलने से हुए हादसे में चालक की मौत

ओरछी: कोल्ड स्टोर में आलू रखवाकर लौट रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक की तेज रफ्तार कार की टक्कर से मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब चालक ट्रॉली का खुला डाला बंद करने के लिए रुका था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के गांव पिपरिया की है। 50 वर्षीय मुफीद अहमद शुक्रवार रात कस्बा मुड़िया धुरेकी स्थित कोल्ड स्टोर में आलू रखने गए थे। रात में ट्रैक्टर-ट्रॉली से गांव लौटते समय रास्ते में ट्रॉली का डाला अचानक खुल गया।
वे मुरादाबाद-फर्रुखाबाद राजमार्ग पर रामवती देवी इंटर कॉलेज के पास ट्रॉली रोककर डाला बंद करने लगे। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही मुफीद अहमद खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़े। उनके साथ मौजूद छोटा भाई मुहीद घबराकर चीखने-चिल्लाने लगा।
राहगीरों ने दी पुलिस को सूचना
राहगीरों ने तुरंत पुलिस और परिजनों को सूचना दी। घायल मुफीद अहमद को आसफपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिवार में मचा कोहराम
मुफीद अहमद के पांच बच्चे हैं। उनकी पत्नी तसल्ली जहां और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।





