- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Azamgarh: बिहार में...
Azamgarh: बिहार में एनडीए की जीत सुनिश्चित: भूपेंद्र चौधरी

आजमगढ़: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि बिहार में विकास और सुशासन के आधार पर एक बार फिर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेताओं के अनर्गल और विवादित बयानों से उनकी हताशा और पराजय का भय झलकता है।
भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव जैसे नेताओं का बिहार में अब कोई प्रभाव नहीं बचा है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने देशभर में महिलाओं का सम्मान और सशक्तिकरण बढ़ाने का कार्य किया है, जो भाजपा की नीतियों की सफलता को दर्शाता है।
भूपेंद्र चौधरी आजमगढ़ के हरिऔध कला केंद्र में आयोजित ‘आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान’ के तहत हुए महिला सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। सम्मेलन के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि पिछले 15 वर्षों में नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए सरकार ने बिहार से जंगलराज का अंत किया है और अब राज्य में सड़कों, शिक्षा, बिजली और स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार हुआ है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का कायाकल्प और सर्वांगीण विकास हुआ है। इसी कारण जनता का भरोसा एक बार फिर राजग (NDA) के साथ है।
प्रदेश अध्यक्ष ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस और राजद नेताओं के बयान अब जनता को भ्रमित नहीं कर सकते। तेजस्वी यादव और उनका गठबंधन बिहार चुनाव में करारी हार का सामना करेगा।
महिला सम्मेलन में भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में शक्तिशाली, आत्मनिर्भर और विकसित भारत का निर्माण हो रहा है। उन्होंने उपस्थित महिलाओं से स्वदेशी अपनाने और विकसित भारत के निर्माण में सहभागी बनने का संकल्प लेने की अपील की।
उन्होंने कहा कि “स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत का विचार केवल नारा नहीं, बल्कि एक सशक्त भारत की नींव है।” बिना महिलाओं की सक्रिय भागीदारी के कोई भी संकल्प पूर्ण नहीं हो सकता।
कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा की क्षेत्रीय अध्यक्ष अमित गुप्ता, जिला अध्यक्ष समेत बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहीं।





