उत्तर प्रदेश

Azamgarh: पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार आदिल, 25 हजारी इनामी

Admindelhi1
3 Oct 2025 1:09 PM IST
Azamgarh: पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार आदिल, 25 हजारी इनामी
x

आजमगढ़: आजमगढ़ पुलिस को गुरुवार देर रात एक बड़ी कामयाबी मिली है। बिलरियागंज थाना पुलिस ने मुठभेड़ के बाद 25,000 रुपये के इनामी बदमाश आदिल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पर फायरिंग करने के दौरान जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया।

गिरफ्तार घायल बदमाश का नाम आदिल पुत्र निजामुद्दीन है, जिसके खिलाफ विभिन्न थाना क्षेत्रों में चोरी, लूट, डकैती, गौ तस्करी, गोवध जैसे 30 गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके एक साथी पर पहले ही गैंगस्टर की कार्रवाई की जा चुकी है। आरोपी के पास से पुलिस ने एक तमंचा, कारतूस, 2000 रुपये नकद और एक अपाचे बाइक भी बरामद की है।

पुलिस को आदिल की तलाश खासकर 18 अक्टूबर 2024 को बिलरियागंज थाने में दर्ज हुए भैंस चोरी के एक मुकदमे के बाद से थी। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए, जिले के एसएसपी डॉक्टर अनिल कुमार ने उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम का गठन किया था और उस पर 25,000 रुपये का इनाम भी घोषित किया था।

एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को चेकिंग के दौरान सूचना मिली कि इनामी बदमाश आदिल महाराजगंज थाना क्षेत्र से आ रहा है और जगजीवनपुर नहर के पास कहीं जाने वाला है।

इस सूचना पर जब पुलिस टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया, तो आदिल ने पुलिस पर फायर कर दिया। पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में बदमाश आदिल के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। इस सफल ऑपरेशन में बिलरियागंज थाने के प्रभारी सुनील कुमार दुबे की टीम शामिल रही। पुलिस का कहना है कि आदिल की गिरफ्तारी से जिले में चल रहे कई आपराधिक मामलों पर लगाम लगेगी।

Next Story