- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Ayodhya: अयोध्या जिला...
Ayodhya: अयोध्या जिला जेल में सुरक्षा चूक, दो कैदी गायब

अयोध्या: अयोध्या जिला जेल से दो बंदियों के फरार होने का मामला सामने आने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया है। घटना को गंभीर मानते हुए जेल प्रशासन पर बड़ी कार्रवाई की गई है। जेल अधीक्षक समेत कुल सात अफसरों और कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही सभी के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।Hindi news subscription
जानकारी के मुताबिक अमेठी निवासी गोलू अग्रहरि उर्फ सूरज और सुल्तानपुर निवासी शेर अली अयोध्या जिला जेल में बंद थे। दोनों पर हत्या के प्रयास समेत गंभीर मामलों में जेल में निरुद्ध होने की बात कही गई है। बुधवार रात दोनों बंदी जेल से फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि दोनों बंदियों ने तन्हाई (एकांत) बैरक को तोड़कर बाहर निकलने का रास्ता बनाया और फिर जेल की बाउंड्री कूदकर भाग निकले। जब जेल प्रशासन को इसकी भनक लगी तो जेल परिसर में अफरातफरी मच गई। सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे और तत्काल पुलिस व उच्च अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई।
डीजी जेल पीसी मीणा ने बताया कि इस मामले में जेल के वरिष्ठ अधीक्षक यूपी मिश्रा, जेलर जेके यादव, डिप्टी जेलर मयंक त्रिपाठी के अलावा एक हेड वार्डर और तीन वार्डरों को निलंबित किया गया है। अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई जेल की सुरक्षा में लापरवाही और बंदियों के फरार होने की जिम्मेदारी तय करने के लिए की गई है।
घटना के बाद दोनों बंदियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कर दी गई हैं। संभावित इलाकों में तलाश की जा रही है। साथ ही जेल के आसपास और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि यह पता चल सके कि बंदी किस दिशा में भागे और उन्हें किसी ने मदद तो नहीं की।
मौके पर पहुंचे उच्च अधिकारी जेल के अन्य बंदियों से पूछताछ कर रहे हैं और सुरक्षा व्यवस्था की जांच-पड़ताल की जा रही है। फिलहाल फरार बंदियों की तलाश जारी है और पुलिस जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।





