उत्तर प्रदेश

अयोध्या: सोने और हीरे से जड़ी प्रभु श्रीराम की प्रतिमा का अनावरण, भक्तों में खुशी

SHIDDHANT
29 Dec 2025 8:43 PM IST
अयोध्या: सोने और हीरे से जड़ी प्रभु श्रीराम की प्रतिमा का अनावरण, भक्तों में खुशी
x
Ayodhya अयोध्या। कर्नाटक से अयोध्या लाई गई सोने और हीरे से जड़ी भगवान श्रीराम की प्रतिमा का सोमवार को अनावरण हो गया है। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने प्रतिमा का अनावरण किया। इस विशेष अवसर पर प्रतिमा बनाने वाली महिला जयश्री के पति डॉ. फणीश भी मौजूद रहे, जिन्होंने प्रतिमा को बनाने के अनुभव भी बताए। कर्नाटक के उड्डपी के पेजावर मठ के धर्माध्यक्ष स्वामी विश्व प्रसन्ना तीर्थ की भक्त जयश्री ने सोने और हीरे से जड़ी प्रतिमा को बनाया है, जिसमें उन्होंने दक्षिण भारत की तंजावुर शैली का इस्तेमाल किया है।

खास बात यह है कि प्रतिमा को लकड़ी, थर्माकोल और रंगीन रंगों की सहायता से बनाया गया है। उसके बाद सोने और हीरों की सहायता से प्रतिमा को पूर्ण रूप दिया गया है। शीशम की लकड़ी और कांच के फ्रेम से प्रतिमा को कवर किया गया है। डॉ. फणीश ने आईएएनएस से खास बातचीत में बताया कि उनकी पत्नी ने बहुत मेहनत से प्रतिमा को बनाया है और बाकी कई और मंदिरों में भी उनके द्वारा बनाई प्रतिमाएं भेंट स्वरूप दी जा चुकी हैं। अब पहली बार उन्होंने श्री राम के बाल स्वरूप को बनाया है और प्रतिमा को बनाने का सारा खर्चा उन्होंने खुद वहन किया है।

उन्होंने बताया कि प्रतिमा को बनाने में नौ महीने का समय लगा है। उनकी पत्नी ने पूरी आस्था और प्रीति के साथ श्रीराम के बाल स्वरूप को बनाया है। प्रतिमा को बनाने में कई तरह के स्टोन का इस्तेमाल हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर प्रतिमा की कीमत 100 करोड़ रुपए तक बताई जा रही है, जो गलत है। प्रतिमा को हमने अपनी मेहनत और सामर्थ्य के अनुसार बनाया है। मंदिर को प्रतिमा भेंट करना भक्त की सच्ची श्रद्धा को दर्शाता है, जिन्होंने बिना किसी की सहायता के अपने सामर्थ्य के अनुसार मंदिर को इतनी प्यारी प्रतिमा भेंट की है।
Next Story