उत्तर प्रदेश

जी-20 पर चलाया गया जागरूकता अभियान

Admin Delhi 1
17 Jan 2023 2:29 PM GMT
जी-20 पर चलाया गया जागरूकता अभियान
x

अयोध्या: डॉ राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के आईईटी संस्थान में भारत सरकार के जी-20 को लेकर छात्र-छात्राओं के बीच जागरूकता अभियान चलाया गया। इसमें राष्ट्रीय ध्वज के जीवंत रंगों से छात्रों को प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में संस्थान के निदेशक प्रो रमापति मिश्र ने बताया कि जी-20 शिखर सम्मेलन से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आर्थिक मुद्दों पर मजबूती मिलेगी। जिसकी अध्यक्षता भारत कर रहा है।

प्रो रमापति मिश्र ने बताया कि शिखर सम्मेलन में वैश्विक, आर्थिक और वित्तीय मुद्दों पर चर्चा करने के लिए एक मंच है। इसमें प्रमुख देशों के राष्ट्राध्यक्ष सहित अन्य शामिल होंगे। उन्होंने छात्रों को जी-20 में शामिल होने वाले देशों के बारे में बताते हुए इसकी उपयोगिता पर विस्तार से चर्चा की। अभियान में अप्लाइड साइंस के डॉ अनूप श्रीवास्तव ने बताया कि जी-20 शिखर सम्मेलन प्रतिवर्ष एक क्रमिक अध्यक्षता में आयोजित किया जाता है। वर्तमान में इसके एजेंडे में व्यापार, जलवायु परिवर्तन, सतत विकास, स्वास्थ्य, कृषि, ऊर्जा, पर्यावरण, जलवायु परिवर्तन शामिल है।

आईईटी के शिक्षक आशीष पांडे ने बताया कि जी-20 में दो समानांतर ट्रैक होते हैं। जिसमें एक वित्त और दूसरा शेरपा ट्रैक होता है। वित्त मंत्री और सेंट्रल बैंक के गवर्नर वित्त ट्रैक का नेतृत्व करते हैं जबकि शेरपा ट्रैक का नेतृत्व ग्रुप ऑफ ट्वेंटी अंतरराष्ट्रीय आर्थिक सहयोग का प्रमुख मंच है। संस्थान के शिक्षक डॉ रतींद्र गौतम ने बताया जी-20 में नागरिक समाजों, सांसदों, विचार मचों, महिलाओं, युवाओं, श्रमिकों, व्यवसायों और शोधकर्ताओं को एक साथ लाते हैं।

कार्यक्रम में श्वेता कुमारी ने बताया कि जी-20 का लोगो भारत के राष्ट्रीय ध्वज के जीवंत रंगों से प्रेरित है। इसके साथ भारत के राष्ट्रीय पुष्प कमल को पृथ्वी ग्रह के साथ प्रस्तुत किया गया है जो चुनौतियों के बीच विकास को दर्शाता है। कार्यक्रम में धन्यवाद ज्ञापन संस्थान के इंजीनियर परिमल तिवारी द्वारा किया गया। कार्यक्रम का संचालन इंजीनियर रमेश मिश्र ने किया। इस अवसर पर संस्थान के शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

Next Story