उत्तर प्रदेश

Auraiya: नहर में बहा युवक, बचाव कार्य जारी

Admindelhi1
16 March 2026 12:41 AM IST
Auraiya: नहर में बहा युवक, बचाव कार्य जारी
x

औरैया: बेला थाना क्षेत्र में स्थित रामगंगा नहर में पिकनिक मनाने आए तीन दोस्तों में से एक युवक अपने डूबते साथी को बचाने के प्रयास में तेज बहाव में बह गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। फिलहाल गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश कराई जा रही है।

जानकारी के अनुसार कानपुर देहात जिले के रसूलाबाद क्षेत्र स्थित महेंद्र नगर बंगाली कॉलोनी निवासी विदान पुत्र विमल सेन अपने दो साथियों विवेक सेन और शेखर के साथ रविवार को पिकनिक मनाने के लिए औरैया जिले के बेला थाना क्षेत्र में रामगंगा नहर के किनारे पहुंचे थे। तीनों युवक बाइक से याकूबपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम डमरपुर के पास स्थित झाल के निकट पहुंचे और नहर किनारे समय बिताने लगे।

बताया जा रहा है कि इसी दौरान किसी कारणवश विवेक सेन नहर के पानी में उतर गया और तेज बहाव में बहने लगा। अपने दोस्त को डूबता देख विदान ने बिना देर किए उसे बचाने के लिए नहर में छलांग लगा दी। हालांकि नहर का बहाव काफी तेज होने के कारण विदान खुद ही पानी की धारा में बह गया।

घटना के बाद उसके साथ मौजूद दोस्तों ने शोर मचाया, जिससे आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत यूपी-112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति का जायजा लिया।

पुलिस ने गोताखोरों को बुलाकर नहर में युवक की तलाश शुरू कराई है। देर शाम तक गोताखोरों द्वारा नहर में सर्च अभियान चलाया जा रहा था, लेकिन युवक का अभी तक कोई पता नहीं चल सका है।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि तीनों युवकों ने शराब का सेवन कर रखा था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और नहर में बह गए युवक की तलाश जारी है। घटना के बाद परिजनों को भी सूचना दे दी गई है।

Next Story