- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Auraiya: जुलूस विवाद...
Auraiya: जुलूस विवाद के बाद असेवा गांव में तनावपूर्ण माहौल, चौथे दिन भी सुरक्षा कड़ी

औरैया: उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अयाना थाना क्षेत्र के असेवा गांव में पूर्व सांसद फूलन देवी निषाद की जयंती पर निकाले गए जुलूस के दौरान हुए विवाद के बाद शुक्रवार को चौथे दिन भी पुलिस बल तैनात रहा। घटना के बाद से गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच कर रही है। वहीं, अभी तक कार्रवाई न होने से ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।
मंगलवार को जयंती के अवसर पर निकाले गए जुलूस के दौरान दो पक्षों में विवाद हो गया था। इसके बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट और वाहनों में तोड़फोड़ के आरोप लगाए। जुलूस में शामिल लोगों की ओर से आरोप लगाया गया कि उनके साथ मारपीट करने के साथ ही वाहनों में तोड़फोड़ की गई। वहीं, ग्राम प्रधान नाथू राम ने पुलिस को दी तहरीर में जुलूस बिना अनुमति निकाले जाने, डीजे पर आपत्तिजनक गाने बजाने, तमंचे लहराने और हवाई फायरिंग किए जाने के आरोप लगाए।
दोनों पक्षों की शिकायतें मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। गांव में किसी तरह की अप्रिय स्थिति न हो, इसके लिए शुक्रवार को भी पुलिस बल तैनात रहा। उपनिरीक्षक राजानाती के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गांव में गश्त कर स्थिति पर नजर रखी और ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की।
थानाध्यक्ष जयप्रकाश पाल ने बताया कि मामले की जांच बबाइन चौकी प्रभारी को सौंपी गई है। जांच अधिकारी की रिपोर्ट अभी प्राप्त नहीं हुई है। रिपोर्ट मिलने के बाद जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।





