- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Auraiya: खेत में किसान...
Auraiya: खेत में किसान की मौत, परिजनों ने हत्या की संभावना जताई

औरैया: उत्तर प्रदेश के औरैया में जनपद के अजीतमल कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अमावता में खेत की रखवाली कर रहे 35 वर्षीय किसान अर्जुन सिंह पुत्र दुर्गा सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। किसान का शव हरपालपुर अड्डा के पास गेहूं के खेत में देर रात पड़ा मिला।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। बताया जा रहा है कि अर्जुन सिंह रोज की तरह अपने खेत की रखवाली के लिए गए थे। देर रात उनके भाई को चेन्नई में फोन कर सूचना दी गई कि अर्जुन को सूअर ने टक्कर मार दी है, जिससे उनकी मौत हो गई। हालांकि जब परिजन मौके पर पहुंचे तो घटनास्थल की परिस्थितियां संदिग्ध नजर आईं।
खेत के पास से एक कुल्हाड़ी, टूटी हुई टॉर्च और लाल मिर्च पाउडर का पैकेट बरामद हुआ, जिससे परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। मृतक के परिवार में पत्नी शांति और 8 वर्षीय पुत्र नैतिक हैं। अर्जुन सिंह चार भाइयों में से छोटे थे, जिनमें अन्य भाई नौकरी करते हैं, जबकि अर्जुन गांव में रहकर खेती-बाड़ी संभालते थे। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस द्वारा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने के दौरान गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया और निष्पक्ष जांच की मांग की। उनका कहना था कि मामले को दुर्घटना बताकर दबाने की कोशिश न की जाए और सच्चाई सामने लाई जाए।
सूचना पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने बताया कि सभी उच्च अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। परिजनों से तहरीर प्राप्त होने पर सुसंगत धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।





