उत्तर प्रदेश

Auraiya: औरैया में किसानों से मिले CM योगी, आय दोगुनी करने के बताए उपाय

Admindelhi1
9 Jun 2025 11:26 AM IST
Auraiya: औरैया में किसानों से मिले CM योगी, आय दोगुनी करने के बताए उपाय
x

औरैया: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को औरैया के जनता महाविद्यालय अजीतमल में आयोजित विकसित कृषि संकल्प अभियान कार्यक्रम में मक्का किसानों से संवाद किया। उन्होंने किसानों को आय बढ़ाने के टिप्स दिए और प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं का ज़िक्र करते हुए पिछली सरकारों पर करारा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “पहले की सरकारों में भ्रष्टाचार हावी था, युवाओं की भर्तियों पर चाचा-भतीजे की नजर रहती थी। आज हमारी सरकार ने पारदर्शी व्यवस्था लागू की है, जिससे युवाओं को नौकरी और किसानों को सम्मान मिल रहा है।”

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में अब तक 2.16 लाख पुलिसकर्मी और 1.60 लाख शिक्षक भर्ती किए जा चुके हैं। वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट (ODOP) योजना के तहत दो करोड़ युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ा गया है। 65 लाख युवाओं को निवेश के जरिए रोजगार मिला है।

माफिया राज पर भी बोले सीएम

उन्होंने कहा, "पहले बेटियां और व्यापारी सुरक्षित नहीं थे, माफियाओं को संरक्षण दिया जाता था। लेकिन आज प्रदेश में या तो अपराध होते ही नहीं, और यदि होते हैं तो उसका जल्दी खुलासा हो जाता है। अब बेटियां और व्यापारी खुद को सुरक्षित महसूस करते हैं।"

मक्का के लिए MSP और खरीद केंद्र की घोषणा

मुख्यमंत्री ने कहा कि मक्का एक संपूर्ण पोषक आहार है। इसकी उपयोगिता स्वीट कॉर्न, बेबी कॉर्न, ईंधन और बायोवेस्ट के रूप में बढ़ी है। सरकार जल्द ही औरैया में मक्का खरीद केंद्र स्थापित कर MSP की घोषणा करेगी।

मेडिकल कॉलेज से लेकर एक्सप्रेसवे तक का ज़िक्र

सीएम योगी ने कहा कि उनकी सरकार ने जनता की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए औरैया में 250 करोड़ की लागत से लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर मेडिकल कॉलेज बनवाया है। जल्द ही उसका उद्घाटन किया जाएगा। इसके अलावा, 272 करोड़ की लागत से रिजर्व पुलिस लाइन, 250 करोड़ की लागत से जिला न्यायालय, 24 करोड़ रुपये प्री-प्राइमरी शिक्षा और 3 करोड़ रुपये कृषि विस्तार योजना पर खर्च किए जा रहे हैं। औरैया को यमुना एक्सप्रेसवे से जोड़ने का कार्य भी प्रगति पर है।

महापुरुषों का किया सम्मान

सीएम योगी ने कहा कि पिछली सरकारों ने महापुरुषों का अपमान किया जबकि उनकी सरकार उन्हें सम्मान दे रही है। उन्होंने कहा कि काशी का मंदिर औरंगजेब ने तोड़ा, जिसे अहिल्याबाई ने फिर बनवाया, इसीलिए औरैया विश्वविद्यालय का नाम बदलकर लोकमाता अहिल्याबाई के नाम पर रखा गया।

किसानों को किया सम्मानित, बच्चों को दिए खिलौने

कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने किसानों को सम्मानित किया और बच्चों को खिलौने भी वितरित किए। एक रोते हुए बच्चे को उन्होंने गोद में उठाकर खिलौना दिया और शांत कराया। कृषि विभाग की ओर से कई विशेष स्टॉल भी लगाए गए थे। कार्यक्रम में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही और राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख भी मौजूद रहे।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने हेलिकॉप्टर से औरैया, कन्नौज, इटावा और कानपुर देहात में मक्का की फसल का हवाई सर्वेक्षण भी किया।

Next Story