उत्तर प्रदेश

Auraiya: ओवरलोडिंग और टैक्स चोरी पर कार्रवाई

Admindelhi1
25 Feb 2026 2:32 AM IST
Auraiya: ओवरलोडिंग और टैक्स चोरी पर कार्रवाई
x

औरैया: यमुना रोड स्थित पैगंबरपुर मौरंग मंडी में मंगलवार सुबह प्रशासन ने ओवरलोडिंग और टैक्स चोरी की शिकायतों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। सदर एसडीएम अजय आनंद के नेतृत्व में पहुंची टीम ने मंडी परिसर और सड़क किनारे खड़े डंपरों की जांच की। कार्रवाई के दौरान मौरंग कारोबार से जुड़े लोगों और डंपर चालकों के साथ एसडीएम की तीखी बहस भी हुई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रशासन को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि यमुना रोड के किनारे संचालित मौरंग मंडियों में निर्धारित मानकों से अधिक खनन सामग्री लादकर डंपर फर्राटा भर रहे हैं और टैक्स की चोरी की जा रही है। मंगलवार सुबह छापेमारी के दौरान कई वाहनों के दस्तावेजों की जांच की गई और ओवरलोडिंग की स्थिति का आकलन किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि राजस्व को नुकसान पहुंचाने और सड़क सुरक्षा को खतरे में डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व 3 फरवरी को एडीएम वित्त एवं राजस्व अविनाश चंद्र मौर्य के नेतृत्व में राज्य कर, परिवहन, खनन और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने इसी मौरंग मंडी क्षेत्र में व्यापक छापेमारी की थी। उस दौरान टैक्स चोरी के मामले में 24 डंपर पकड़े गए थे और सभी से नियमानुसार जुर्माना वसूला गया था। उस कार्रवाई से मौरंग कारोबार से जुड़े लोगों में खलबली मच गई थी और कुछ दिनों तक अवैध गतिविधियां थम-सी गई थीं।

छापेमारी के बाद यमुना रोड के आधे हिस्से पर सुबह से रात तक खड़े रहने वाले 50 से अधिक डंपर नजर नहीं आए थे। हालांकि समय बीतने के साथ फिर से ओवरलोडिंग और अवैध वसूली का पुराना खेल शुरू होने की शिकायतें सामने आने लगीं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे भारी वाहनों के खड़े रहने से यातायात बाधित होता है और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। इन्हीं शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मंगलवार को दोबारा सख्त कार्रवाई की गई।

Next Story