- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Auraiya: महिला के...
Auraiya: महिला के खिलाफ जीवित व्यक्ति को मृत दिखाने का मामला दर्ज

औरैया; उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के नगर पंचायत बाबरपुर-अजीतमल में एक चौंकाने वाला फर्जीवाड़ा सामने आया है। यहां एक महिला ने जीवित व्यक्ति को मृत दिखाकर उसका मृत्यु प्रमाण पत्र बनवा लिया। मामला सामने आने पर नगर पंचायत की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। प्रशासन ने गंभीरता दिखाते हुए जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।
बाबरपुर कस्बे के मोहल्ला शिवाजी नगर निवासी 63 वर्षीय लक्ष्मण अविवाहित थे। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उनके खाते में 50 हजार रुपये की पहली किस्त आई थी, जिसे उन्होंने निकाल भी लिया था। कुछ समय बाद बीमारी के चलते उनका इलाज सैफई स्थित रूरल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस एंड रिसर्च (रिम्स) में चला, जहां 4 अक्टूबर 2019 को उनकी वास्तविक मृत्यु हुई।
इसी बीच इटावा जनपद के ग्राम धौरखा निवासी अनीता देवी नामक महिला, जिसने पहले अपने पति सतीश कुमार की संपत्ति अपने नाम कराई थी, लक्ष्मण के घर में रहने लगी। बताया गया कि महिला ने खुद को लक्ष्मण की पत्नी बताते हुए नगर पंचायत में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर 29 मई 2024 को मृत्यु प्रमाण पत्र बनवा लिया। इस प्रमाण पत्र में लक्ष्मण की मौत 4 जनवरी 2019 को स्वाभाविक रूप से घर पर बताई गई थी—जो उनकी असली मृत्यु से पूरे नौ महीने पहले की तारीख थी।
आरोप है कि महिला ने यह प्रमाण पत्र प्रधानमंत्री आवास योजना की शेष दो लाख रुपये की राशि और लक्ष्मण की संपत्ति हड़पने के उद्देश्य से बनवाया। इतना ही नहीं, उसने नगर पंचायत के वार्ड शिवाजी नगर की मतदाता सूची में भी अपना नाम दर्ज करा लिया और पति का नाम “श्रीकृष्ण” लिखवा लिया।
नगर पंचायत के सभासद हिमांशु चौहान ने कहा कि यह मामला नगर पंचायत कर्मचारियों की मिलीभगत से हुआ फर्जीवाड़ा है। उन्होंने मुख्यमंत्री, जिलाधिकारी, एसडीएम, ईओ और चेयरमैन को पत्र भेजकर उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
एसडीएम निखिल राजपूत ने बताया कि मामला बेहद गंभीर है। नायब तहसीलदार को जांच सौंप दी गई है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। नगर पंचायत चेयरमैन आशा चक ने भी पारदर्शी जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की बात कही है।
दिवंगत लक्ष्मण के भाई माता प्रसाद और भतीजे गजेंद्र सिंह ने स्पष्ट किया कि लक्ष्मण की कभी शादी नहीं हुई थी। महिला सिर्फ रुपये और संपत्ति हड़पने के लिए इस पूरे षड्यंत्र की मुख्य सूत्रधार है।





