उत्तर प्रदेश

अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला का लखनऊ में भव्य स्वागत, छात्रों के लिए स्कॉलरशिप की घोषणा

SHIDDHANT
25 Aug 2025 9:15 PM IST
अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला का लखनऊ में भव्य स्वागत, छात्रों के लिए स्कॉलरशिप की घोषणा
x

LUCKNOW लखनऊ – अंतरिक्ष की सफल यात्रा के बाद ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला सोमवार को पहली बार लखनऊ पहुंचे। उत्तर प्रदेश सरकार ने उनके स्वागत में नागरिक अभिनंदन समारोह आयोजित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पेस टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में अध्ययन कर रहे छात्रों के लिए शुभांशु शुक्ला के नाम से स्कॉलरशिप की घोषणा की। सीएम योगी ने कहा कि तीन-चार साल पहले प्रदेश में स्पेस टेक्नोलॉजी को लेकर न तो कोई पाठ्यक्रम था, न डिग्री या डिप्लोमा। अब प्रदेश के दर्जनभर से अधिक तकनीकी संस्थानों में इस विषय के कोर्सेज संचालित हो रहे हैं, जो भारत के विकास में उत्तर प्रदेश की भागीदारी को दर्शाते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने के लिए ऐसे क्षेत्रों में युवाओं की भागीदारी महत्वपूर्ण है।

शुभांशु शुक्ला ने अपनी 18 दिनों की स्पेस यात्रा में पृथ्वी का 320 बार परिक्रमा की। उन्होंने बताया कि स्पेस स्टेशन पर माइक्रोग्रेविटी के कारण शरीर में कई बदलाव आते हैं। ब्लड सिर में चला जाता है, हार्ट की गति धीमी हो जाती है, पेट की सामग्री फ्लोट करती है और भूख नहीं लगती। उन्होंने कहा कि यह अनुभव युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा और स्पेस टेक्नोलॉजी का उपयोग प्राकृतिक आपदाओं के प्रबंधन और किसानों की आय बढ़ाने में मदद करेगा। इस मौके पर सीएम योगी ने विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग से शुभांशु शुक्ला के अनुभव का उपयोग विभाग में करने के निर्देश दिए। शुभांशु शुक्ला ने बताया कि लखनऊ में उनके स्वागत ने उन्हें दिल्ली से भी अधिक स्नेह और प्यार महसूस कराया। उन्होंने कहा कि यह मोमेंटम प्रदेश से देश भर में फैलना चाहिए और 2040 तक कोई युवा मून मिशन पर जरूर जाएगा।

Next Story