उत्तर प्रदेश

Bihar से UP तक फैला हथियार रैकेट, जांच तेज

Ratna Netam
28 Jun 2026 5:00 PM IST
Bihar से UP तक फैला हथियार रैकेट, जांच तेज
x
कारतूस बरामद किए गए हैं।

Gorakhpur गोरखपुर : उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (UP STF) ने अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में चार शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से अवैध पिस्तौल, तमंचे और भारी मात्रा में जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

एसटीएफ को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि बिहार के रास्ते उत्तर प्रदेश के कई जिलों में अवैध हथियारों की बड़ी खेप पहुंचाई जा रही है। इसी इनपुट के आधार पर टीम ने गोरखपुर में घेराबंदी कर चार आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सचिन वर्मा, सौरभ शुक्ला, नीतीश और मनजीत कुमार सिंह के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे बिहार के सिवान जिले से सस्ते दामों में अवैध हथियार खरीदकर लाते थे और फिर उन्हें उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में ऊंचे दामों पर बेचकर मोटा मुनाफा कमाते थे। यह गिरोह अपराधियों और अवैध हथियारों की मांग रखने वाले लोगों को सप्लाई करता था।

पुलिस के अनुसार, इस गिरोह के तार केवल राज्य स्तर तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इसके अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़े होने की भी आशंका है। एसटीएफ अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गिरोह का मुख्य सरगना कौन है और यूपी में इसके ग्राहक कौन-कौन थे।

कार्रवाई के बाद स्थानीय प्रशासन में हड़कंप मच गया है। सभी आरोपियों के खिलाफ गोरखपुर के थाना एम्स में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। इसके बाद एसटीएफ ने आरोपियों को स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया। आगे की कानूनी प्रक्रिया और कोर्ट में पेशी की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में लगी हुई है ताकि यह पता लगाया जा सके कि कितने समय से यह गिरोह सक्रिय था और किन-किन जिलों में इसकी सप्लाई चेन फैली हुई थी। इस कार्रवाई को एसटीएफ की बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे अवैध हथियारों की सप्लाई पर बड़ी चोट पहुंची है।इस मामले ने सुरक्षा एजेंसियों को भी सतर्क कर दिया है और आने वाले दिनों में ऐसे नेटवर्क के खिलाफ और सख्त कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

Next Story